Home » पार्षद के नाम से शातिर ने बनवाई नकली मोहर, 6 महीने से बना रहा था फर्जी कागजात

पार्षद के नाम से शातिर ने बनवाई नकली मोहर, 6 महीने से बना रहा था फर्जी कागजात

by admin
Vicious made a fake seal in the name of councilor, was making fake papers for 6 months

आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के वार्ड 59 की पूर्व पार्षद के नाम से एक युवक ने अवैध मोहर बना ली जिसके बाद उसने अवैध आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य कागज बनाने का काम शुरू कर दिया। पूर्व पार्षद के पति को जब इस बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने पहले इसकी जांच पड़ताल शुरू कर दी और मौके से आरोपी को पकड़ लिया। जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। थाना पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।

दरअसल नगर निगम के वार्ड 59 से बीजेपी की पुष्पा कुशवाहा पार्षद रह चुकी हैं। पुष्पा कुशवाहा के पति महेश चंद कुशवाहा को कुछ समय पहले लोगों से जानकारी मिली कि उनकी पत्नी के नाम से कोई व्यक्ति अवैध मोहर बनाकर अनाधिकृत रूप से कागजात बनाने में लगा हुआ है। पहले तो उन्हें इस बात पर विश्वास नहीं हुआ लेकिन जब उन्होंने इस मामले की पड़ताल की तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्हें पता चला कि शातिर युवक उनकी पत्नी के नाम की अवैध मोहर बनाकर कई तरह के आधिकारिक कागज बनाने में लगा हुआ है।

महेश चंद कुशवाहा ने बताया कि रविंद्र यादव उम्र करीब 25 वर्ष निवासी बसेरा कॉलोनी नगला रामबल का रहने वाला है। लोगों से मिली जानकारी के अनुसार मैंने इन आरोपों की पुष्टि करने के लिए करीब 8 दिन पहले ही जांच पड़ताल शुरू कर दी। मुझे जानकारी मिली कि यह युवक उनकी पत्नी के नाम से बनाई हुई मोहर से आधार कार्ड, पैन कार्ड और तमाम तरह के फर्जी कागज बनाने में लगा हुआ है। जिसके बाद मैंने उसे मौके से पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस के सामने उस युवक ने अपना गुनाह कबूल किया है और बताया कि पिछले 6 महीने से वह इस तरह के अवैध काम में लिप्त था।

एत्माद्दौला थाना प्रभारी का कहना है कि पूर्व पार्षद पति की तहरीर के आधार पर युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है। तथ्य सामने आने के बाद मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।

Related Articles