Agra. साइबर के शातिर अपराधियों ने उत्तर प्रदेश के एडीजी राजीव कृष्ण को भी अपना निशाना बनाया। साइबर शातिरों ने एडीजी राजीव कृष्ण के नाम से फेसबुक पर फर्जी आइडी बनाई और फिर उस आइडी से दर्जन भर परिचितों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। इतना ही नहीं कुछ से तो रुपये की भी मांग कर दी। जानकारी होने पर महकमें में भी हड़कंप मच गया और फर्जी फेसबुक आइडी को बंद कराया गया।
आपको बताते की एडीजी जोन राजीव कृष्ण सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं। उनके फेसबुक अकाउंट से तमाम अधिकारी, समाजसेवी व आम जनता के लोग जुड़े हुए हैं। साइबर शातिरों ने उन्हें ही अपना निशाना बनाया और उनका फोटो लगाकर उनके नाम से फर्जी आइडी तैयार कर ली। इसके बाद फ्रेंड लिस्ट में शामिल लोगों को फर्जी आइडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज दी। कुछ ने स्वीकार कर ली। इनमें से कई लोगों से शातिरों ने दस से बारह हजार रुपये की मांग की। रुपये शातिरों के बताए खाते में ट्रांसफर करने के बजाय कुछ लोगों ने उन्हें सूचना दे दी। इसके बाद साइबर सेल सक्रिय हुआ।
एडीजी कार्यालय के पीआरओ सुलभ शरण ने बताया कि उनकी फोटो लगाकर आईडी बनाई गई है। इसे ब्लॉक करा दिया गया है। जिन लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई थी, उन्हें भी मैसेज करके झांसे में नहीं आने के बारे में बताया जा रहा है। जिसने भी इस आईडी को बनाया है उसे ट्रेस किया जा रहा है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।