आगरा। उ प्र कांग्रेस कमेटी के द्वारा पूरे उत्तर प्रदेश में आरक्षण बचाओ यात्रा निकाली जा रही है। आगरा शहर में भी कांग्रेसियों द्वारा यह अभियान रावली में महात्मा गांधी की प्रतिमा से शुरू किया गया। कांग्रेस की यह आरक्षण बचाओ यात्रा रावली से छीपीटोला, चक्की पाट होते हुए तालिय्या, नाला काजी पाड़ा पहुंची, वहां पर कांग्रेस नेताओं ने डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उसके बाद सभा का आयोजन किया गया।
सभा में पूर्व सांसद बृजलाल खाबारी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार बाबा साहेब के द्वारा बनाए गए संविधान को समाप्त करके, आरएसएस के द्वारा बनाए गए विधान को लागू करने का प्रयास कर रही है। जो कि देश को घर्म व जाति के आधार पर बांटने का काम करेगा और देश की जनता पुनः गुलामी की ओर बढ़ेगी। बृजलाल ने आवाहन किया कि वह बाबा साहेब के संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर विरोध करें।
प्रदेश संयोजक आलोक पासी ने कहा कि कांग्रेस बाबा साहेब के द्वारा बनाए गए संविधान का सदैव सम्मान करती रही है। आज देश में बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी, किसानों, मजदूरों, दलितों पिछड़ों की लड़ाई भी कांग्रेस पूरे प्रदेश में जोर शोर से राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में लड़ रही है।
प्रदेश महासचिव तनुज पूनिया ने कहा कि बीजेपी सरकार दलितों पिछड़ों का रोजाना शोषण कर रही है, जबकि बीजेपी ने धोखा देकर दलितो और पिछड़ों के वोट लेकर सरकार बनाई थी। आज देश व प्रदेश का दलित पिछड़ा वर्ग अपने को ठगा महसूस कर रहा है।
राष्ट्रीय समन्वयक प्रदीप नरवाल ने कहा कि जिस प्रकार से देश के दलितों, पिछड़ों, मजदूरों, किसान, छात्रों व गरीब जनता को ठगने का काम बीजेपी ने किया है, वह देश के लिए काफी अफसोस जनक है। आज इस वर्ग की कहीं भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है, लोग जगह जगह भटक रहे हैं।
सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेश पिपल ने की व संचालन नंदलाल भारती ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव अमित सिंह, मुकेश धनगर, शहर अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू एडवोकेट, जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित, विनोद जारारी, भिसम पाल सिंह मुखिया, अजहर वारसी, बुरहान शमसी, गीता सिंह, आई डी श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद अशोक शर्मा, कृष्णा तिवारी, स्नेहलता मिश्रा, राजकुमारी, याकूब शेख, राघवेन्द्र उपाध्याय, पूर्व पार्षद अहमद हसन, पीसीसी सदस्य मुन्ना लाल वर्मा, सी पी सिंह एडवोकेट, अनवार सिद्दीक़ी, अरविंद वाल्मीक, ताहिर हुसैन, अनुज शिवहरे, सुगम शिवहरे आदि ने भाग लिया।