आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा सांसद खेल प्रतिस्पर्धा के पुरस्कार वितरण समारोह में भाग लेने के लिए आगरा आए केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर पत्रकारों से रूबरू हुए। पत्रकार वार्ता के दौरान आगरा में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर अनुराग ठाकुर ने अपनी चतुराई से जवाब देते हुए कहा कि फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने मंच से यह मांग उनके सामने रखी। उन्होंने कहा कि ‘जब सांसद राजकुमार चाहर, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर मिलकर प्रयास करेंगे तो आगरा में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का सपना भी पूरा होगा।’

यूट्यूब चैनल किए गए हैं बंद
हाल ही में सरकार की ओर से कुछ यूट्यूब और वेब चैनलों को बंद किया गया है। इस पर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का कहना था कि यह चैनल देश के प्रति नकारात्मक चीजें दिखा रहे थे और देश के बाहर से संचालित हो रहे थे। इसीलिए इन यूट्यूब चैनलों को बंद किया गया है। अगर देश के खिलाफ और पाकिस्तान जैसे देशों का कोई चैनल साथ देता है तो उस चैनल को भी बंद करने की कार्यवाही की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सपा पर भी जुबानी हमला भी बोला। उनका कहना था कि काला धन किसके पास है, यह सभी को पता है। रेड हो रही है तो ऐसे लोगों को दिक्कतें स्वाभाविक हैं। ऐसे लोगों को जवाब देना पड़ेगा लेकिन ऐसे लोग जवाब देने के बजाय छुट्टी पर ही चले गए हैं।
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए ही सांसद खेल स्पर्धा का आयोजन किया गया है। पहली बार खेल प्रतिभा है राजनीतिक मंच से हो रही है। इसका सिर्फ एक ही उद्देश्य है कि हर प्रतिभा को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का मौका मिले। पूरे देश में सांसद खेल प्रतिस्पर्धा का आयोजन हुआ। आगरा फतेहपुर सीकरी लोकसभा में सांसद राजकुमार चाहर के नेतृत्व में यह खेल स्पर्धा संपन्न हुई है। आज इसका पुरस्कार वितरण समारोह है। काफी संख्या में खिलाड़ी अपनी प्रतिभाओं को निखारने के लिए यहां पहुंचे हैं। इससे साफ है कि इस विशेष अभियान से छुपी हुई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं।