Home » शहर जुड़ा महापौर के स्वच्छता अभियान से, हजारों लोगों ने ली स्वच्छता की शपथ

शहर जुड़ा महापौर के स्वच्छता अभियान से, हजारों लोगों ने ली स्वच्छता की शपथ

by admin

आगरा। बेशक घनघोर बादलों में सूरज छुपा हुआ था लेकिन शहर नवचेतना की रोशनी से दमक रहा था। प्रत्येक मार्ग और प्रत्येक गली से लोग महापौर के स्वच्छता जन जागरण रैली में भाग लेने के लिए आगरा कॉलेज ग्राउंड पहुँचे। स्वच्छता जन जागरण रैली में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और पैदल मार्च करते हुए हाथों में तिरंगा लिए नगर निगम पहुँचे जहाँ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने हजारों कंठो को स्वच्छता की शपथ दिलाई। हजारो कंठो ने भी एक स्वर में आगरा को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।

सुबह के 10 बजे आगरा कॉलेज के ग्राउंड और एमजी रोड का नजारा बदला हुआ था। आम जनमानस के साथ स्कूली बच्चे, सामाजिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारी महापौर के स्वच्छता अभियान से प्रेरित होकर हाथों में तिरंगा लिए आगरा कॉलेज ग्राउंड पहुँचे। हजारों के कंठो से सिर्फ क्लीन आगरा, ग्रीन आगरा और नवीन आगरा निकल रहा था और पूरा क्षेत्र शहर को स्वच्छ बनाने और स्वच्छता सर्वेक्षण मे प्रथम लाने के नारों से गुंजामयन हो रहा था।

अवसर महापौर नवीन जैन के नगर निगम बोर्ड के दो वर्ष पूरे होने का था। वर्तमान निगम बोर्ड के दो साल पूरे होने और स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में आगरा को टॉप टेन में लाने के उद्देश्य से महापौर नवीन जैन की ओर से स्वच्छता जन जागरण रैली का आयोजन किया गया जिसका शुभारंभ बृजक्षेत्र व कानपुर के संगठन मंत्री भवानी सिंह ने किया। आगरा कॉलेज ग्राउंड पर संगठन मंत्री भवानी सिंह और महापौर नवीन जैन ने संयुक्त रूप से रैली को केसरिया झंडी दिखाई और गुब्बारे उड़ाकर इस रैली का शुभारंभ किया। इस रैली में आम जनमानस, स्कूली बच्चों, सामाजिक व व्यापारिक संगठन के लोग हाथों में स्वच्छता की तख्तियां लेकर शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे थे।

महापौर नवीन जैन और विधायक रामप्रताप चौहान आम जनमानस, स्कूली बच्चों, सामाजिक व व्यापारिक संगठन के साथ कदम से कदम ताल करते हुए लोगों में स्वच्छता की अलख जगा रहे थे। आगरा कॉलेज ग्राउंड से नगर निगम तक निकली स्वच्छता रैली का शहरवासियों और सामाजिक संस्थाओं ने जगह जगह पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। आगरा कॉलेज से शुरू हुई रैली जैसे ही नगर निगम में पहुँची पूरा नगर निगम एक बार फिर महापौर जिंदाबाद के नारों से गूँजने लगा। नगर निगम पर स्वच्छता जन जागरण रैली को लेकर पूरा मंच सजाया गया था।

इस कार्यक्रम में मुख्य अथिति के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव और संगठन महामंत्री सुनील बंसल पहुँचे। महापौर नवीन जैन ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव और संगठन महामंत्री सुनील बंसल का बुके भेट कर स्वागत सत्कार किया। नगर निगम में स्वच्छता के प्रति लोगों का जोश देखकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव और संगठन महामंत्री भाजपा सुनील बंसल उत्साहित नजर आए। स्वच्छता के जोश से भरे हुए शहरवासियों को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने स्वच्छता की शपथ दिलाई और लोगों से शहर में इस अभियान को जन जन का अभियान बनाने के लिए प्रेरित किया।

निगम परिसर में ही मंचासीन अतिथियों द्वारा एक स्मारिका का विमोचन किया गया जिसमें महापौर और वर्तमान निगम बोर्ड की पिछले 2 वर्ष की उपलब्धियों के साथ-साथ नगर निगम की जुड़ी सभी सूचनाओं की जानकारी उपलब्ध होगी।

निगम परिसर में क्लीन आगरा, ग्रीन आगरा और नवीन आगरा का संदेश देती हुई अप्सा के विभिन्न स्कूलों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गयी। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अपना संबोधन शुरू किया। प्रदेश अध्यक्ष ने स्वच्छता रैली और इस अभियान को शहर में सफल बनाने के लिए महापौर नवीन जैन के प्रयास की सराहना की। उन्होंने मंच से साफ कहा कि महापौर नवीन जैन के नेतृत्व में शहर चमक रहा है और इसे स्वच्छ बनाये रखने के लिए हर व्यक्ति को आगे आना होगा। उनका कहना था कि महात्मा गांधी मानते थे कि देश स्वच्छ होगा तो देश स्वस्थ होगा। 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस स्वच्छता अभियान की शुरुआत की और आज वो जन आंदोलन बन गया है। आज इस अभियान के कारण ही दुनिया में मोदी जी को स्वच्छता के लिए जाना जाता है। महात्मा गांधी के इस अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साकार किया है। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने गृहमंत्री अमित शाह द्वारा लाये गए नागरिक बिल को देशहित और समाजहित में बताया है।

महापौर ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय से की। महापौर ने मंच से कहा कि 100 वार्डो में 20 लाख की आबादी है। दो वर्षों में शहर को स्वच्छ बनाये जाने के लिए अहम कदम उठाए है। दो वर्ष पहले नाली का पानी सड़को पर बहता था, कूड़ा सड़क पर पड़ा रहता था, लेकिन निर्वाचित होने के बाद शहर को कूड़ा मुक्त,अतिक्रमण मुक्त बनाया गया है। प्रदेश में पहली बार रात्रि कालीन सफाई व्यवस्था आगरा से शुरू हुई।

उपलब्धियां:-

महापौर ने कहा कि मेयर का पद संभालने के बाद शहर को स्वच्छ बनाने के लिए जो कदम उठाए है।

1:- शहर स्वच्छता सर्वेक्षण सूची में 2018 में 102 और 2019 में 85वें पाएदान पर आया है।
2:- शहर की सफाई व्यस्था आधुनिक मशीनों से कराई गई। 3:- ट्री गार्ड सहित शहर में 10000 पौधे लगाने का कार्य किया गया।
4:- युद्ध स्तर पर नालों की सफाई कराई गई जिसका उदाहरण मंटोला नाला बना। जलभराव की समस्या से मंटोला और रोशन मोहल्ला क्षेत्र मुक्त हुआ।
5:- सैकड़ों पार्कों का जीर्णोद्धार कराया गया।
6:- शहर के एमजी रोड, फतेहाबाद और सेंट पीटर्स से हरीपर्वत वाली रोड पर तिरंगा लाइट लगाकर शहर का सुंदरीकरण कराया गया।
7:- शहर से होर्डिंग खत्म कर उन्हें यूनीपोल पर लाया गया।
8:- आगरा शहर को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया गया।
9:- जन सहयोग से चौराहों का सौंदर्यीकरण किया गया जिसका उदाहरण सूरसदन और बालूगंज चौराहे है।
10:- टैक्स की आमदनी बढ़ाई गयी।
11:- लोगों के अंदर मेरा घर मेरा आगरा भावना पैदा कर शहर को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया गया।

आगामी योजनाएं:-

मंच से ही महापौर नवीन जैन ने शहर को बेहतर और स्वच्छ बनाने के लिए आगामी योजनाओं की भी घोषणा की जो इस प्रकार हैं।
1:- सभी बड़े पार्कों में ओपन जिम
2:- मोहल्ला क्लीनिक
3:- टैक्स का सरलीकरण
4:- पर्यावरण को स्वच्छ बनाना,
5:- डलाबघर मुक्त आगरा
6:- जलभराव मुक्त देवरी रोड और अर्जुन नगर
7:- सीवर समस्या से 1 वर्ष में आगरा को मुक्त करना
8:- शहर के प्रमुख चौराहों पर फाउंटेन लगाना और सौंदर्यीकरण करना
9:- शहर के अन्य मार्गों पर भी तिरंगा लाइट डेकोरेटेड पोल लगाने की योजना
10:- कूड़े से बिजली बनाने की योजना
11:- खराब फूलों से कचरे की खाद बनाना
12:- पालीवाल पार्क का जीर्णोद्धार व नए स्वरूप प्रदान करना।

इसके बाद महापौर ने सभी से सहयोग मांगते हुए कहा कि अगर आप मुझे सहयोग करेंगे तो मैं आपको गंदगी मुक्त अतिक्रमण मुक्त हरियाली युक्त और विकास युक्त आगरा दूंगा।

अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमंत गुप्ता ने भी अपने विचार रखे और भारत माता के जयकारों के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उनका कहना था कि आज शहर में स्वच्छता को लेकर जो महापौर ने अलग जगाई है और जनसैलाब सड़कों पर उमड़ा है, उसके लिए महापौर बधाई के पात्र हैं। स्कूली बच्चे और सामाजिक संगठनों ने जो प्रतिभाग किया है उसके लिए भी उन्होंने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया उन्होंने महापौर के लिए कहा कि महापौर एक हीरा है और भाजपा नेतृत्व से अपील की थी कि इस हीरे को सोने में जड़ लिया जाए।

अप्सा के महासचिव गिरधर शर्मा का कहना था कि महापौर ने दो वर्षों में शहर को बदला है। महापौर के स्वच्छता अभियान में लोगो की जन सहभागिता जरूरी है तभी शहर पूरी तरह से बदल पायेगा।

आगरा कॉलेज में हुआ नाटक और जादूगर शो:-

महापौर नवीन जैन के स्वच्छता जन जागरण रैली का आयोजन आगरा कॉलेज से हुआ था लेकिन इस रैली के शुभारंभ से पहले आगरा कॉलेज मैदान पर एकत्रित हुए हजारों लोगों के सामने फिल्म थियेटर क्रिएशन ग्रुप की ओर से एक नुक्कड़ नाटक पेश किया गया जिसका “नाम मेरा आगरा स्वच्छ आगरा”था। इस नुक्कड़ नाटक के माध्यम से रंगकर्मियों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया साथ ही यह लोगों को यह समझाया गया कि आगरा शहर अपना ही घर है। अगर हम इसे गंदा करेंगे तो शहर गंदा होगा। इसलिए हमें आगरा शहर को स्वच्छ बनाने के लिए आगे आना होगा। इस नुक्कड़ नाटक में उमाशंकर मिश्र, एस के जैन, जय शर्मा, ऋषि, अर्जुन, कीर्ति वर्मा, महेश, अक्षत जैन और नंदू भाई शामिल थे। इस अवसर पर फिल्म क्रिएटर क्रिएशन ग्रुप के संयोजक अनिल जैन ने महापौर के इस प्रयास की सराहना भी की। उनका कहना था कि अगर इस तरह के प्रयास शहर में होती रहे तो वास्तव में आगरा शहर स्वच्छ बन जाएगा।

नुक्कड़ नाटक के अलावा आगरा कॉलेज के मैदान पर जादूगर अखिलेश द्वारा एक शो भी दिखाया गया। शो के माध्यम से जादूगर अखिलेश ने मैदान पर मौजूद सभी का मनोरंजन तो किया ही साथ ही जादू की कलाबाजी दिखाते हुए स्वच्छता का संदेश भी दिया।

स्वच्छता गीत की हुई लॉन्चिंग

ठान लिया है अब हम सब ने स्वच्छता अभियान हो,
मेरे शहर की विश्व पटल पर स्वच्छता पहचान हो।
स्वच्छता जन जागरण रैली के अवसर पर नगर निगम प्रांगण में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव और संगठन महामंत्री सुनील बंसल के सामने स्वच्छ आगरा गीत लांच किया गया। इस गीत के कंपोजर व गायक सुधीर नारायण, रचनाकार संजय दुबे और उनके साथी कलाकार सत्संगी रश्मि सिंह, श्रेया शर्मा, पूजा तोमर, रिंकू चौरसिया, देश दीप गोपाल और सलीम खान ने इस गाने की प्रस्तुति भी दी। दोनों मुख्यातिथियों ने इस गाने के सराहना की।

स्कूली बच्चों ने पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

इस कार्यक्रम के दौरान निगम परिसर में अप्सा के विभिन्न स्कूलों के द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई। जिनमें मुख्यतः सेंट एंड्रयूज स्कूल कर्म योगी, गायत्री पब्लिक स्कूल, ऑल सेंट्स स्कूल, कर्नल ब्राइटलैंड स्कूल, न्यू सेंट स्टीफन स्कूल, सेंट एंड्रयूज बरौली अहीर और सेंट फ्रांसिस स्कूल शामिल थे। स्कूल के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जहां हरे पेड़ पौधों को ना काटने, कूड़ा इधर उधर ना फेंकने और सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग ना करने का संदेश दिया तो वहीं सामूहिक नृत्य के माध्यम से सभी को स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाया। बच्चों की प्रस्तुतियां देख जहां दर्शकों ने भरपूर तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया तो वही मंचासीन अतिथियों ने भी बच्चों द्वारा प्रस्तुतियों के माध्यम से दिए गए स्वच्छता के संदेश की सराहना की।

जगह-जगह पुष्प वर्षा से हुआ रैली का स्वागत

स्वच्छता जन जागरण रैली आयोजन में आगरा कॉलेज मैदान से नगर निगम तक सभी चौराहों की भव्य सजावट की गई थी। जैसे-जैसे आगरा कॉलेज मैदान से रैली निकालकर आगे बढ़ी वैसे ही हर चौराहे पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा रैली का फूल माला बरसा कर जोरदार स्वागत सत्कार किया गया। बैकग्राउंड में बज रहे देशभक्ति और प्रेरक गानों के बीच हर चौराहों पर उत्सव जैसा माहौल था। रैलीे में मेरा घर मेरा शहर का नारा देती हुई एक झांकी भी चल रही थी जो सभी के आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी। रैली के दूसरी तरफ नगर निगम की सभी आधुनिक स्वच्छता मशीनरी गाड़ियां पंक्ति वक्त खड़ी हुई थी।

इस मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव, ब्रज क्षेत्र संगठन मंत्री भवानी सिंह, भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, ब्रज क्षेत्र प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल, राज्यमंत्री जीएस धर्मेश, विधायक रामप्रताप चौहान, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक योगेंद्र उपाध्याय, विधायक हेमलता दिवाकर, जिला अध्यक्ष गिरिराज कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, नगर आयुक्त अरुण प्रकाश, अप्सा महासचिव डॉक्टर गिरिधर शर्मा, प्रद्युम्न चतुर्वेदी आदि मंचासीन अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

Related Articles