Agra. थाना शाहगंज के डिवीजन चौकी क्षेत्र पुलिस लाइन में तैनात सिपाही सुशील कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह इसकी जानकारी हुई तो क्षेत्रीय पुलिस के साथ एसपी सिटी रोहन पी बोत्रे भी मौके पर पहुँच गए। पुलिस ने जांच पड़ताल की और मौके पर फॉरेंसिक टीम के साथ साथ डॉग स्क्वायड टीम को भी बुला लिया गया। बताया जाता है कि पुलिस को घटना स्थल से एक सुसाइड नोट पुलिस को मिला जिसमें ‘मानसिक रूप से परेशान होने के कारण आत्महत्या कर रहा हूं, इसमें किसी का दोष नहीं है’ लिखा हुआ था।
मृतक वर्ष 2016 बैच के सिपाही सुशील कुमार है जो मूल रूप से अलीगढ़ के इगलास के रहने वाले थे। वह रूई की मंडी स्थित त्यागी गली में विनोद त्यागी के मकान में किराए पर रहते थे। पहली मंजिल पर उनका कमरा था। शुक्रवार सुबह मकान मालिक की पत्नी सफाई करने गई थी। तभी सिपाही को फांसी के फंदे पर लटका देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूत्रों की माने तो जाँच पड़ताल में पुलिस को पता चला है कि सिपाही एक युवती से प्रेम करता था। उसने भी आत्महत्या कर ली थी। तब से वो तनाव में चल रहा था। सिपाही का चचेरा भाई सिकंदरा थाने में तैनात है। वह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह की तनाव की जानकारी होने से इंकार कर दिया। फिलहाल इस घटना की जानकारी मृतक के सिपाही के परिजनों को भी दे दी है।
मौके पर पहुंचे एसपी सिटी रोहन पी बोत्रे ने बताया कि 2016 बैच के सुशील कुमार नाम की कॉन्स्टेबल ने सुसाइड किया है, कमरे से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इस पूरे मामले की गहनता के साथ जांच पड़ताल की जा रही है।