Agra. ऑटो में बैठकर जा रही महिला से तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े पर्स लूट लिया और भागने लगे। महिला के शोर मचाने पर लोग लुटेरों के पीछे भागे। एक को पकड़ लिया जबकि दो लुटरे अपनी जान बचाने के लिए एक घर में घुस गए। दिनदहाड़े बदमाशों के घुसने पर युवती ने साहस दिखाया और डंडा लेकर बदमाशों के पीछे दौड़ी। बदमाश घर की छत पर भाग गए। युवती द्वारा पकड़ने की कोशिश पर बदमाशों ने उसे छत से नीचे फेंक दिया। वह घायल हो गई। इस दौरान एक बदमाश छत से कूदकर भाग गया जबकि दूसरा लोगों ने पकड़ लिया। लोगो ने दोनों बदमाशों की जमकर पिटाई की और फिर पुलिस के हवाले किया। वहीँ युवती को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
टेढ़ी बगिया स्थित प्रकाशपुरम निवासी आरती मंगलवार को बैंक से रुपये निकालने के बाद बाजार जा रही थी। टेढ़ी बगिया से रामबाग के लिए ऑटो में बैठी। ऑटो में पहले से तीन युवक बैठे थे। जिसमें से एक ने आरती के हाथ में लगे पर्स को छीना और फिर तीनो भागने लगे। आरती ने तुरंत शोर मचाया तो लोग लुटेरों के पीछे दौड़े। एक को पकड़ लिया जबकि उसके दो साथी कालिंदी विहार में पार्वती विहार कॉलोनी में प्रेम चंद शर्मा के घर का दरवाजा खुला देखकर अंदर घुस गए।
बताया जाता है कि प्रेमचंद शर्मा की बेटी पल्लवी शर्मा कमरे में बैठी बच्चों को ट्यूशन पढ़ा रही थीं। वह अंजान लोगों को अंदर देखकर बाहर आ गई। इस पर बदमाश छत पर सीढ़ियों से चढ़ गए। पल्लवी ने डंडा उठाया और बदमाशों के पीछे दौड़ पड़ी। बदमाशों को देखकर शोर भी मचाने लगी। पल्लवी ने बदमाश को डंडा मारने का प्रयास किया। इस पर बदमाशों ने उसे छत से फेंक दिया जिससे वह छत से नीचे गिर गईं। उनकी पसली और हाथ की हड्डी टूट गईं। एक बदमाश छत से कूदकर नीचे भागने लगा। इस दौरान दूसरा बदमाश सीढ़ियों से नीचे आया। उसे लोगों ने पकड़ लिया। लोगों ने उसकी पिटाई लगाई। सूचना पर पुलिस आ गई। बदमाशों को हिरासत में ले लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। प्रेमचंद शर्मा के बेटे भुवनेश शर्मा ने बताया कि वह लिफ्ट लगाने का काम करते हैं, जिस समय घटना हुई वह घर पर नहीं थे। पत्नी ममता और पांच साल की बेटी के साथ बहन घर पर थीं। घटना की जानकारी पर वो पहुंच गए। परिवार डरा हुआ है। बदमाशों के पीछे अगर, लोग नहीं होते तो वो घर में लूटपाट कर सकते थे। उनकी बहन की हालत गंभीर है।
पुलिस की पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम ईशाक और सोहिल बताए है। ईशाक खेरिया मोड़, जबकि सोहिल ट्रांस यमुना कॉलोनी का रहने वाला है। दोनों बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। उनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। महिला का लूटा हुआ पर्स उनके पास से बरामद हुआ है। वहीं एक बदमाश फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
दूसरी ओर पार्वती विहार कॉलोनी में हर कोई पल्लवी के साहस को सलाम कर रहा है। उन्होंने घर में घुसे बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन बदमाशों की संख्या दो थी। एक बदमाश ने उन्हें धक्का दे दिया जिससे नीचे गिर गईं। छत की दीवार भी टूट गई। उनके पैर, हाथ और पसली में चोट लगी है। उनका उपचार परिजन करा रहे हैं।