Home » आगरा मस्जिद में राष्ट्रध्वज-राष्ट्रगान का विरोध का मामला, भाजपा यूपी ने बताया इन्हें तालिबान सोच वाला

आगरा मस्जिद में राष्ट्रध्वज-राष्ट्रगान का विरोध का मामला, भाजपा यूपी ने बताया इन्हें तालिबान सोच वाला

by admin
The issue of protest against the national flag-national anthem in Agra Masjid, BJP UP told them Taliban-minded

Agra. स्वतंत्रता दिवस पर जामा मस्जिद में राष्ट्रगान और राष्ट्र ध्वज फहराने का मामला एक बार फिर तूल पकड़ रहा है। इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर के बाद भाजपा उत्तर प्रदेश भी उतर आई है। भाजपा ने स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रध्वज फहराए जाने का विरोध करने वालों को तालिबानी सोच वाला बताया है। यूपी भाजपा की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है। इस वीडियो में आगरा में तिरंगे के अपमान की घटना का जिक्र किया गया है और उस वीडियो में लिखा गया है कि तालिबानी सोच वाले ये याद रखें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं।

आपको बताते चले कि शहर की जामा मस्जिद (Shahi Jama Masjid) में स्वतंत्रता दिवस (Independence day) पर ध्वजारोहण (flag hoisting) और राष्ट्रगान (national anthem) हुआ लेकिन शहर मुफ्ती खुबैब रूमी ने इसका विरोध किया जिसके बाद उनके ख़िलाफ़ मंटोला थाना में मुकदमा दर्ज हुआ। शहर मुफ़्ती के खिलाफ मुकदमा होने पर मुस्लिम समाज ने जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया और लगभग 60 नामजद और 350 अज्ञात आरोपी बनाए गए हैं।

इस बीच शनिवार शाम उत्तर प्रदेश भाजपा के ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो अपलोड किया गया जिसमें आगरा की जामा मस्जिद की घटना को तालिबान से जोड़ दिया गया। वीडियो के अंत में सीएम योगी की फोटो के साथ लिखा है कि भूल गए योगी सरकार में तालिबानी सोच नहीं चलेगी। इससे अब राजनीति और गरमा गई है।

भाजपा उत्तर प्रदेश द्वारा टि्वटर हैंडल पर एक मिनट 15 सेकेंड का वीडियो जारी किया गया है। इसमें आगरा में मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा निकाले गए जुलूस का वीडियो है। साथ में जामा मस्जिद में तिरंगे के फोटो के साथ कांग्रेस नेता हाजी जमीलउद्दीन कुरैशी का वायरल ऑडियो है जिसमें वो कह रहे हैं कि ‘जामा मस्जिद के ऊपर तिरंगा फहराकर जन-गण-मन गाया जो कतई हराम है। शहर मुफ्ती साहब ने जो फरमाया वो सही है। इसको बर्दाश्त नहीं करेंगे। मस्जिद के अंदर मीटिंग कर रहे हैं, तिरंगा लहरा रहे हैं। इसका आगरा के साथ पूरे उत्तर प्रदेश के मुसलमान मुखालफत करेंगे।’

इसके अलावा वीडियो में तिरंगे का विरोध करने वालों के लिए लिखा गया है कि ‘अफगानिस्तान में जिस तरह तालिबानी आतंकियों ने उनके झंडे को उतारा, वैसे ही आगरा में तालिबानी सोच वालों ने इसे दोहराने की कोशिश की। मगर ऐसे लोग अच्छे से जान लें कि यूपी में योगी जी की सरकार है।दरअसल तालिबानी सोच वालों को असली दिक्कत तिरंगे से है। आखिर क्यों तिरंगा फहराया गया? जिस तिरंगे की खातिर मां भारती का हर बेटा जान न्योछावर करने के लिए तैयार है, उस तिरंगे को फहराने के लिए तालिबानी फैन क्लब के लोग उसे रोकने लिए आ गए सड़कों पर।’

वीडियो के अंत में शहर मुफ्ती और उनके बेटे के खिलाफ एफआईआर की फोटो है। अंत में योगी की फोटो के साथ लिखा गया है कि वो भूल गए योगी सरकार में तालिबानी सोच नहीं चलेगी। इस वीडियो ने एक बार फिर इस मामले को लेकर राजनीति गरमा दी है और यह मामला अब और ज्यादा तूल पकड़ने लगा है।

Related Articles