आगरा। सड़कों पर आवारा पशुओं का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को डेनमार्क का एक पर्यटक आवारा पशु का शिकार बन गया। आवारा पशु ने विदेशी पर्यटक को घायल कर दिया। इस घटना को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने दौड़ लगाई और पर्यटक को बचाया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी और पर्यटक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना रविवार दोपहर की है। डेनमार्क के पर्यटक नील्स ताजमहल का भ्रमण करके लौट रहे थे। पुरानी मंडी ताजगंज पर गायों को सड़क पर घूमता देख नील्स फोटो खींचने लगे तभी एक गाय ने नील्स को पटक दिया। जमीन पर गिरने से नील्स के सिर में चोट आ गई। इस घटना को देखकर लोगों ने दौड़ लगाई और पर्यटक को बचाया। चोटिल नील्स को देख गाइड तमशील ने तुरंत पर्यटन थाने सूचित किया और एंबुलेंस मंगवाई। फिलहाल नील्स का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
आवारा पशु और जानवरों का आतंक ताजमहल क्षेत्र के आसपास बढ़ता चला जा रहा है। पिछले दिनों विदेशी पर्यटकों को ताजमहल के बाहर आवारा कुत्तों ने तो वहीं ताजमहल के अंदर खूंखार बंदरों ने अपना निशाना बनाया था। फिलहाल देखने वाली बात यह है कि इस घटना के बाद प्रशासन और नगर निगम आवारा पशुओं की आतंक को रोकने के लिए क्या कदम उठाता है।