आगरा। थाना एत्माद्दौला के गोकुल नगर में यमुना किनारे 22 नवंबर को एक युवक का शव मिला था। इस घटना से जुड़े अहम खुलासे हुए हैं। जानकारी के मुताबिक शव एक जूता कारीगर का था। उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। मृतक के पिता ने एक महिला सहित दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मृतक युवक सनी पुत्र मुकेश (25 वर्ष) शाहगंज के नगला मोहन का निवासी था। 22 नवंबर को उसका शव फाउंड्री नगर क्षेत्र के यमुना किनारे मिला था। आंख पर चोट का निशान था। हाथ पर सनी लिखा हुआ था। सनी 21 नवंबर को घर से लापता हुआ था। उसके पिता मुकेश कुमार ने एत्मादुद्दौला थाने में रेखा और मुकेश जाट के खिलाफ हत्या की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
पिता ने पुलिस को बताया कि रेखा नाम की महिला ने उनके बेटे को फोन किया था और उसे बोदला चौराहा बुलाया था। वहां पहले से मौजूद मुकेश जाट नाम का व्यक्ति उसे अपने साथ पार्टी के नाम कहीं ले गया। पिता का आरोप है कि रेखा और मुकेश जाट ने मिलकर उसके बेटे की हत्या की है और शव को यमुना किनारे फेंक दिया।
इस मामले की छानबीन में जुटी पुलिस को आशंका है कि त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के चलते सनी की हत्या की गयी है। घरवालों से बातचीत में पुलिस को यह जानकारी मिली है। पुलिस रेखा और मुकेश जाट की तलाश कर रही है।