Home » शहीद स्मारक पर दिखा नारी शक्ति का आक्रोश, सरकार से कठोर कानून बनाने की मांग

शहीद स्मारक पर दिखा नारी शक्ति का आक्रोश, सरकार से कठोर कानून बनाने की मांग

by admin

आगरा। हैदराबाद में डॉ प्रियंका रेडी और मैनपुरी में छात्रा की दुष्कर्म के बाद हुई हत्या ने देशवासियों को झकझोर कर रख दिया है। आधी आबादी की सुरक्षा की मांग को लेकर पूरा देश सड़कों पर है तो आधी आबादी भी इन घटनाओं पर रोकने की मांग को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त कर रही हैं। आगरा शहर भी इस आक्रोश से अछूता नहीं है। आगरा शहर की तमाम बेटियां सड़कों पर उतर कर पशु चिकित्सक प्रियंका को इंसाफ दिलाने और दुष्कर्म करने वाले लोगों को फांसी की सजा देने की मांग को लेकर आंदोलित हैं। गुरुवार को भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला।

आगरा शहर में तमाम कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकाला। सभी संस्थानों की छात्राएं शहीद स्मारक पर एकत्रित हुईं और शहीद स्मारक पर उन सभी महिलाओं छात्राओं और युवतियों को श्रद्धांजलि दी जिनकी दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। शहीद स्मारक पर छात्राओं ने जमकर नारेबाजी की और सरकार पर भी तीखा हमला बोला। छात्राओं के प्रदर्शन का समर्थन करने के लिए बड़ी संख्या में छात्र भी मौजूद थे।

छात्राओं का कहना था कि इन घटनाओं के बाद से तो देश में बलात्कार की घटनाएं आए दिन सुर्खियां बन रही हैं लेकिन सरकार बलात्कारियों पर नकेल कसने के लिए कोई ठोस कानून नहीं बना रहा है जिससे आधी आबादी को खिलौना समझने वाले लोगों पर कठोर कार्रवाई हो सके। इसी के चलते उनके हौसले बुलंद हो रहे हैं जिससे वह बार बार दुष्कर्म की घटनाओं को बेखौफ होकर अंजाम दे रहे हैं। छात्राओं का कहना था कि समय आ गया है कि सरकार और समाज ऐसा वातावरण बनाए जिससे बेटियों के प्रति अपनी गंदी सोच रखने वाली लोगों के अंदर भय व्याप्त हो सके।

Related Articles