Home » अरुण के परिजनों से मिली प्रियंका गांधी, आगरा पुलिस के साथ योगी सरकार को घेरा, आर्थिक मदद का दिया आश्वासन

अरुण के परिजनों से मिली प्रियंका गांधी, आगरा पुलिस के साथ योगी सरकार को घेरा, आर्थिक मदद का दिया आश्वासन

by admin
Priyanka Gandhi met Arun's family, surrounded Yogi government with Agra Police, assured financial help

आगरा। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को लखनऊ एक्सप्रेस वे पर रोके जाने के बावजूद वे आगरा मृतक सफाई कर्मचारी के परिवार से मिलने पहुँच गई। रात करीब 10:45 बजे वह मृतक के परिवार के घर पहुँची। यहाँ पर उन्होंने करीब 25 मिनट तक मृतक अरुण कुमार की मां कमला देवी और पत्नी सोनम से बात की। उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उनके आने से पहले रात में ही आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह परिवार से मिलने आगरा आए और उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। जगदीशपुरा थाना के मालखाने से 25 लाख रुपए की चोरी में सफाई कर्मचारी अरुण की पुलिस हिरासत में मौत पर यूपी की राजनीति गरमा गई है।

प्रियंका गांधी हुई हमलावर

अरुण के परिवार से मुलाकात के बाद प्रियंका ने कहा कि परिवार के लोगों ने मुझे जो बातें बताई हैं, उसे सुनकर यकीन नहीं हो रहा कि इस सदी में ऐसी चीजें किसी के साथ हो सकती हैं। वाल्मीकि समाज के 17-18 लोगों को अलग-अलग जगह से उठाकर थाने लाया गया। जहां उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। सोनम ने बताया कि उनके सामने उनके पति के हाथ पैर बांधकर पीटा गया और करंट लगाया गया। इसके अलावा सोनम को भी महिला के साथ पुरुष पुलिसवालों ने पीटा। उन्होंने जो बातें बताई, उसे सोच भी नहीं सकतीं।

यूपी में कानून व्यवस्था ने तोड़ा दम

उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था दम तोड़ रही है। यहां दलित, किसान और गरीबों के लिए कोई खड़ा नहीं है। इशारों में उन्होंने लखीमपुर हिंसा को लेकर सरकार पर निशाना साधा। कहा, यहां पर न्याय केवल मंत्रियों के लिए है, जिनके बेटे अपराध कर रहे हैं। यहां गरीबों पर इतना अत्याचार हो रहा है। सरकार चुप क्यों हैं?

इससे पहले प्रियंका गांधी को आगरा एक्सप्रेस-वे पर टोल प्लाजा पर पुलिस ने रोक लिया था। लखनऊ पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। हालांकि, हिरासत के ढाई घंटे बाद प्रियंका को आगरा जाने की परमिशन मिली थी।

पोस्टमार्टम पर उठाए सवाल

मृतक अरुण की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक आया है। एसएसपी मुनिराज ने बताया कि डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया था। वहीं, प्रियंका गांधी ने पोस्टमार्टम पर सवाल खडे़ किए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के दौरान परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पहले से लिखी तहरीर पर मृतक के भाई के साइन करा लिए।

बेटी की शादी का खर्च उठाएंगी

मृतक अरुण की पत्नी सोनल ने बताया कि प्रियंका गांधी ने उनसे बातचीत की और कहा कि, वे आर्थिक मदद कराएंगी। सोनम का कहना है कि, बातचीत में प्रियंका गांधी ने मेरे बच्चों की जानकारी ली। मेरी दो बेटियां और बेटा हैं। बेटियों की शादी के खर्चे की बात दीदी ने कही है। उन्होंने मुझे खूब समझाया। कहा कि, डरने की जरूरत नहीं है। हमें आपको कानूनी मदद भी दिलाएंगे।

Related Articles