आगरा। पिछले छह वर्षों से सरकारी मदद का इंतजार कर रहे चार अनाथ बच्चों को अभी तक सरकारी मदद न मिलने की खबर को पब्लिश होने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बच्चों की मदद के लिए आगे आयी है। शनिवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश सचिव अमित सिंह ने अपनी टीम के साथ बच्चों की झोपड़ी में पहुंचकर उन्हें भोजन और किराने का सामान दिया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस का एक कार्यकर्ता सप्ताह में एक बार परिवार से मिलने आएगा। इस बीच आसपास के लोग और सामाजिक कार्यकर्ता भी बच्चों की मदद के लिए पहुंचे।
प्रदेश सचिव अमित सिंह ने बताया कि वो बच्चो की सभी जरूरतों का ख्याल रखेंगे। प्रियंका गांधी के आदेश के बाद बच्चो को एक महीने का खाना और किराना सामान मुहैया कराया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ता सप्ताह में कम से कम एक बार बच्चों से मिलने और उनकी हर संभव सहायता करने के लिए उनके पास जाएंगे। जल्द ही झोपड़ी का ढांचा इस तरह से बनवाएंगे कि बारिश होने पर पानी उसमें न घुसे। उन्हें नियमित बिजली कनेक्शन भी दिलवाया जाएगा। चारों बच्चों में से बिस्मिलाह ने बताया कि पिछले चार दिनों से ठीक से खाना नहीं खाया था। शुक्रवार को उन्हें खाने-पीने की चीजों और किराना के सामान के पैकेट मिले।
बता दें कि Moon Breaking ने चारों अनाथ बच्चों के मामले को पब्लिश किया था। खबर के असर के चलते प्रियंका गांधी के निर्देश पर स्थानीय कांग्रेसी अनाथ बच्चों की मदद को पहुंचे। उधर, बाल अधिकार कार्यकर्ता नरेश पारस ने कहा यह अच्छा है कि लोग गरीब बच्चों की मदद को आगे आ रहे हैं। अधिकारियों को भी अनाथों को सरकारी योजनाओं के तहत लाभान्वित करना चाहिए।