Home » प्रसपा ने दक्षिण विधानसभा से घोषित किया प्रत्याशी, कांग्रेस की बढ़ी मुश्किलें

प्रसपा ने दक्षिण विधानसभा से घोषित किया प्रत्याशी, कांग्रेस की बढ़ी मुश्किलें

by admin
Praspa declared candidate from South Vidhan Sabha, Congress's troubles increased

Agra. विधानसभा चुनाव को लेकर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने भी कमर कस ली है और मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतर आई है। चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करे इसके लिए पार्टी को वार्ड स्तर पर मजबूत करने के चल रहे अभियान के बीच पार्टी हाई कमान ने प्रत्याशियों की घोषणा भी शुरू कर दी है। आगरा में प्रसपा पार्टी ने दक्षिण विधानसभा से हाजी अबरार हुसैन पर दांव लगाया है। हाजी अबरार हुसैन प्रसपा से दक्षिण विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे। हाजी अबरार के दक्षिण विधानसभा से उतरने से जहाँ उनके समर्थकों में खुशी की लहर है तो वहीं कांग्रेस पार्टी में भी हलचल मची हुई है। क्योंकि हाजी अबरार कांग्रेस शहर अध्यक्ष रहने के साथ साथ कांग्रेस के कई अहम पदों पर रह चुके हैं और स्थानीय स्तर पर कांग्रेस की कमजोरी को भी बखूबी जानते हैं।

प्रसपा ने हाजी अबरार को उतारा मैदान में-

हाजी अबरार हुसैन राजनीति में कोई नया नाम नहीं है। 40 वर्ष से अधिक उनका राजनैतिक जीवन रहा है। वे कांग्रेस के कई अहम पदों पर भी रहे। मुस्लिम समाज में भी उनकी अलग पहचान है तो जनाधार के मामले में भी किसी जनप्रतिनिधि से पीछे नही है। हाल ही में कांग्रेस का हाथ छोडकर प्रसपा में शामिल हुए। प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी उन्हें सम्मान देते हुए दक्षिण विधानसभा से उन पर दांव लगाया और अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

2 अगस्त से शुरू होगा जनसंपर्क अभियान

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के दक्षिण विधानसभा के उम्मीदवार हाजी अबरार हुसैन ने मून ब्रेकिंग से वार्ता करते हुए बताया कि 2 अगस्त से वो जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करने जा रहे है। इस अभियान के माध्यम से वो पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा क्षेत्र में निकलेंगे। घर घर जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मतदाताओं से मुलाकात करेंगे और अपने लिए जनाधार जुटाएंगे।

स्थानीय मुद्दों व भाजपा की कार्यगुजारी को बनाएंगे अपना चुनावी मुद्दा –

प्रसपा प्रत्याशी हाजी अबरार हुसैन का कहना है कि क्षेत्रीय लोगों को सबसे पहले अपने क्षेत्र का विकास चाहिए। इसलिए स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता से जनसंपर्क अभियान के साथ ही चुनावी रण की शुरुआत की जाएगी। दक्षिण विधानसभा में विकास हुआ ही नहीं है। आज भी मुस्लिम व दलित बस्तियां विकास के लिये तरस रही हैं। भाजपा जनप्रतिनिधियों का दोहरा चेहरा भी सामने लाया जाएगा।

चौथे नंबर पर होगी कांग्रेस और उसके प्रत्याशी –

हाजी अबरार का कहना है कि कांग्रेस पार्टी कही भी प्रतिस्पर्धा में खड़ी हुई नजर नहीं आती है। क्योंकि पार्टी में राष्ट्रीय, प्रदेश व स्थानीय स्तर पर अंदरूनी खींचतान ही इतनी है कि कांग्रेस प्रत्याशी को हराने की जरूरत ही नहीं है। यह काम कांग्रेस पार्टी के नेता व कार्यकर्ता ही खुद ही कर देते है। कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं को अपने प्रत्याशी व पार्टी की साख की चिंता ही नहीं है। उन्हें चिंता है तो सिर्फ अपने पद और अपने सम्मान की जिसमें किसी भी तरह की कमी नही आने दी जाती है। हाल ही में मथुरा में हुए सम्मेलन का उदाहरण सभी के सामने है।

कांग्रेस प्रत्याशी के लिए बनेंगे मुसीबत –

प्रसपा प्रत्याशी हाजी अबरार हुसैन का कहना है कि 40 वर्षो तक वो कांग्रेस नेता रहे हैं और उनके समर्थक भी कांग्रेस में है। अब वो प्रसपा से चुनावी मैदान में है तो उनके समर्थक जो कांग्रेस में थे वे अब उनका साथ देने के लिए तैयार है। अब कांग्रेस को दोहरा झटका देने को तैयारी है। कांग्रेस का जनाधार कटेगा तो वहीं उनके प्रत्याशियों की जमानत भी जब्त कराएंगे।

Related Articles