आगरा। थाना खंदौली क्षेत्र के गांव बास जोखी मनरेगा में काम को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया जिसके बाद करीब 45 मिनट तक पथराव हुआ।लॉक डाउन में मनरेगा योजना में काम करने को लेकर एक ही समाज के दो पक्ष आमने सामने आ गए। मामूली कहासुनी होने के बाद दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि पहले हाथापाई हुई, फिर दोनों तरफ से जमकर पथराव हुआ। हालांकि पथराव में किसी भी ग्रामीण के घायल होने की सूचना नहीं है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस आरोपियों के विरुद्ध संगीन धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने की तैयारी कर रही है।
जानकारी के मुताबिक एत्मादपुर विधानसभा के थाना खंदौली के गांव बांस जौखी में ग्राम प्रधान हेमलता चौहान द्वारा मनरेगा योजना के अंतर्गत बास रिशाल में मजदूरों द्वारा कार्य कराया जा रहा है। गुरुवार सुबह बॉस जोखी के रहने वाले मनरेगा कार्ड धारक बांस रिसाल पहुंच गए और मौके पर मनरेगा का काम कर रहे लोगों से कहासुनी कर दी।
मनरेगा कार्ड धारकों का आरोप है कि प्रधान द्वारा बिना मनरेगा कार्ड धारकों से काम कराया जा रहा है। दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी कहासुनी के बाद दोनों पक्ष वापस अपने गांव बास जोखी आ गए, गांव में दोनों गुट आमने-सामने आ गए और जमकर 45 मिनट तक पथराव होता रहा। गांव में पथराव से दहशत फैल गई। कुछ घरों में महिलाएं खाना बना रही थी वह भी ना बना सकी। पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची थाना पुलिस ने 2 लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य भागने में सफल हुए।
प्रधान पति बब्बू चौहान ने बताया कि ग्राम पंचायत के गांव बास रिशाल में मनरेगा का काम करने के लिए कछ लोग बिना मनरेगा कार्ड के आ गए थे लेकिन उनके कार्ड बनाए जा रहे हैं। बॉस जोखी के ग्रामीणों द्वारा उनका विरोध किया गया था काम को बंद करा दिया गया था। गांव में वापस जाने पर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ उसके बाद पथराव हो गया।
थानाध्यक्ष खंदौली बहादुर सिंह ने बताया कि दो युवक को गिरफ्तार किया गया है। वीडियो फुटेज के आधार पर लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। संगीन धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जाएगा।