आगरा। पिछले दिनों कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष नदीम नूर ने कांग्रेस पार्टी पर हमला करना शुरू कर दिया है। उन्होंने काँग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मीडिया के समक्ष अपनी बात रखते हुए नदीम नूर ने कहा कि इस वक्त कांग्रेस दलालों और चाटुकारों का अड्डा बनी हुई है। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू दलालों के सरगना बन बैठे हैं जो कांग्रेस द्वारा 2022 में प्रत्याशियों को दिए जाने वाले पैसे का बंदरबांट कर अपना और अपने करीबियों का घर भरने का काम करेंगे।
बता दें नदीम नूर पिछले 10 सालों से कांग्रेस से जुड़े रहे और 2012 में यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। 2019 में उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देकर आम कार्यकर्ता के तौर पर कार्य किया और अक्टूबर 2020 में उन्हें लल्लू द्वारा पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। अपने कार्यकाल में नदीम नूर ने बड़े-बड़े जन आंदोलन किए जिससे आगरा में युवा कांग्रेस को एक पहचान दिलाई। बेरोजगारों के लिए मोदी जी के दिए गए बयान पर चलाया गया पकौड़ा रोजगार योजना व बेरोजगार रिक्शा दिवस आंदोलन खूब चर्चाओं में रहा।
नदीम नूर ने बताया कि वे दिल्ली सरकार का दिल्ली मॉडल अब उत्तर प्रदेश में लागू करवाना चाहते हैं। जिस तरह दिल्ली की सरकार 200 यूनिट बिजली फ्री, पानी फ्री बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा की व्यवस्था कर रही है। उसी तरह उत्तर प्रदेश में सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश वासियों के लिए भी दिल्ली मॉडल के तर्ज पर काम किया जाएगा जिसमें सभी को सम्मान व न्याय करने का काम होगा। समाज के हर तबके के साथ न्याय करने व गरीबों, मजदूरों, बेरोजगारों, महिलाओं, को सम्मान दिया जाएगा।