आगरा नगर निगम ने शासनादेश के बाद कोविड-19 महामारी से जूझने वाले उन परिजनों की मदद का बीड़ा उठाया है जिनके परिजनों की मौत कोविड-19 से हुई है। ऐसे में कोविड शवों का अंतिम संस्कार शासनादेश के बाद नगर निगम द्वारा अपनी परिधि में आने वाले शवदाह गृहों में कराया जाएगा। साथ ही कोरोना से मरने वाले लोगों के दाह संस्कार का पूरा खर्च भी नगर निगम वहन करेगा। इसके लिए नगर निगम ने बैनर बनवा कर लोगों को जागरूक करने का कार्य भी शुरू कर दिया है और अन्य समितियों से भी इस संबंध में वार्ता कर ली है।
शासनादेश के तहत आगरा नगर निगम कोविड-19 से संक्रमित व्यक्तियों के शवों का अंतिम संस्कार नि:शुल्क करवाएगा यानी खर्चा स्वयं वहन करेगा। बता दें नगर निगम द्वारा लगातार कोरोना मरीजों की मदद की जा रही है और इसके लिए प्रशासन द्वारा कोविड कंट्रोल रूम नगर निगम परिसर में संचालित किया जा रहा है। जहां से कॉल्स और मैसेजेस के माध्यम से लगातार घर पर आइसोलेट मरीजों की सहायता के साथ-साथ अस्पतालों में बेड्स दिलवाने और ऑक्सीजन की आपूर्ति की व्यवस्था की जा रही है।
आगरा नगर निगम के नगर आयुक्त निखिल टीकाराम फुंडे ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की मृत्यु कोविड-19 के संक्रमण से होती है तो नगर निगम आगरा द्वारा उनका अंतिम संस्कार नि:शुल्क किया जा रहा है। यदि आपको शासन की इस सुविधा का लाभ लेना है तो इसके लिए श्मशान घाट के कार्यालय में संपर्क करना होगा। अगर इस विषय पर किसी को भी कोई शिकायत हो तो वह व्यक्ति नगर निगम अधिकारी के नंबर पर संपर्क भी कर सकता है। शिकायत दर्ज कराने के लिए सहायक नगर आयुक्त अश्वनी कुमार का मोबाइल नंबर साझा किया गया है जोकि 9359932239 है।

इसके साथ ही नगर आयुक्त आईएएस निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि जिस भी व्यक्ति की मौत कोविड-19 के संक्रमण से हो रही है। उनके परिजन अपनी इच्छा अनुसार नगर निगम द्वारा संचालित इस सुविधा का नि:शुल्क लाभ ले सकते हैं। अलावा इसके नगर आयुक्त ने सैनिटाइजेशन को लेकर भी नगर निगम की व्यवस्थाएं मीडिया से साझा कीं और बताया कि लगातार फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के माध्यम से भी बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है।