आगरा। देश की आजादी में अपना अहम योगदान देने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की रायभा में लगी प्रतिमा का गणतंत्र दिवस के अवसर पर अनावरण किया जाएगा जिसकी जानकारी जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित ने दी। जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित ने कहा कि राष्ट्रीय त्यौहार गणतंत्र दिवस को जिले में हर्षो उल्लास के साथ मनाया जाएगा जिसकी तैयारियां जोरशोर से चल रही है और बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओ को इस संबंध में निर्देश और जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर बाह में नगर भ्रमण का कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम के माध्यम से देश की आजादी में कांग्रेस के योगदान से लोगों को जागरूक किया जाएगा जिससे आम व्यक्ति काँग्रेस की विचार धारा को समझ सके। उसके बाद फतेहाबाद में एक बैठक का आयोजन रखा गया है। बैठक के माध्यम से वर्तमान सरकार की मानसिकता से लोगों को रूबरू कराया जाएगा और देश के संविधान को कैसे बचाया जाये उस पर चर्चा की जाएगी। उसके बाद रायभा में लगी महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित ने बताया कि रायभा में पहले से ही महात्मा गांधी की प्रतिमा लगी हुई थी लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने उसे खंडित कर तोड़ दिया था। उसी दिन महात्मा गांधी की एक कुंतल वजन की नई प्रतिमा को पुनः स्थापित कराया गया। महात्मा गांधी की यह प्रतिमा लोगों के सहयोग से लगवाई गयी। अभी इस प्रतिमा का अनावरण नही हुआ है। गणतंत्र दिवस पर इस प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।