पुलिस अभिरक्षा में कैदी पर हमलावरों ने चलायी गोली, पुलिस बनी रही तमाशबीन
मथुरा। थाना छाता कोतवाली इलाके तहसील परिसर में पुलिस बज्र वाहन में बैठे कैदी पर हमलावरों ने उस वक़्त गोलीबारी कर हमला बोल दिया जब कैदी को पेशी से मथुरा जिला कारागार ले जाया जा रहा था। घटना गुरुवार को करीब तीन बजे की है। बाइकसवार हमलावर ने बज्र वाहन के अंदर बैठे कर्मवीर में गाड़ी की जाली से सटाकर गोली चला दी जिससे कैदी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से तहसील व पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। घायल कर्मवीर सिंह पुत्र प्रहलाद सिंह निवासी गुहारी को पुलिस के द्वारा नयति अस्पताल में इमरजेंसी में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों द्वारा घायल का उपचार चल रहा है।
गौरतलब है कि कर्मवीर कैदी मंत्री लक्ष्मी नारायण के समधी पूर्व प्रधान मृतक सरमन सिंह की हत्या की साजिश में धारा 120 बी का मुलज़िम ठहराया जा चुका है। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार सहित पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंच गए और मामले की जानकारी में जुट गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कहना है कि पुलिस छानबीन कर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। बहुत जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा और हमलावर जो भी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही कर जेल भेजा जाएगा।
घायल कैदी के चाचा राधे श्याम ने बताया कि उनके सामने ही हमलावरों ने गोलीकांड को अंजाम दिया। खून से लथपथ अपने भतीजे को वे अस्पताल लेकर आये। उन्होंने पुलिस अभिरक्षा को लेकर सवाल खड़े किये और कहा कि घटना के दौरान पुलिस कुछ नही कर सकी और हमलावर मौके से फरार हो गए।