Agra. घर में लोग सो रहे थे, इस बीच अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। सुबह जब लोग उठे तो सभी के पैरों तले जमीन खिसक गयी। कमरे के ताले टूटे हुए थे और सभी सामान बिखरा हुआ था। लोगों ने अलमारी देखी तो सोने चांदी के आभूषण के साथ नगदी भी गायब थी। इस घटना से पीड़ितों को झटका लगा और महिलाओं की तबियत भी बिगड़ गयी। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने जांच पड़ताल की और तहरीर लेकर कार्यवाही शुरू कर दी।
मामला थाना ताजगंज देवरी रोड पचगई खेड़ा का है। यहाँ पर ललित मोहन शर्मा अपने परिवार के साथ रहते है। पीड़ितों से मिली जानकारी के मुताबिक वे सभी घर के अंदर सो रहे थे। अज्ञात चोर आये, कमरे के ताले चटकाए और चोरी करके फरार हो गए। इस घटना के दौरान उन्हें किसी तरह की आवाज तक नही हुई। सुबह होने पर जब सभी जागे तो घर का सामना बिखरा हुआ था और कमरों के ताले टूटे हुए थे।
पीड़ित ललित मोहन शर्मा ने बताया कि वो आंगन में सो रहे थे। चोर किधर से घर में घुसे उन्हें भी जानकारी नही हुई। उन्होंने कहा कि रात को अचानक से कुछ आहट तो सुनी लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया जिसका परिणाम है कि घर में अज्ञात चोरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। अज्ञात चोर घर से सोने चांदी के आभूषण और नगदी लेकर फरार हो गए।
पीड़ित ललित मोहन शर्मा ने बताया कि चोरी की यह उनके घर में दूसरी घटना है। एक वर्ष पहले भी उनके घर मे चोरी हुई थी। जिसका मुकदमा भी दर्ज कराया था लेकिन आज तक उसका खुलासा नही हुआ और बीती रात दूसरी चोरी की घटना हो गई जिससें सभी भयभीत है। इस घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस से अज्ञात चोरों को पकड़ने और जल्द से जल्द इस घटना के खुलासे की मांग की है।