Agra. पेट्रोल की कीमत 100 रुपए पार हो गयी है। आम उपभोक्ता परेशान है। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी आम उपभोक्ता की आवाज बनकर पेट्रोल पंप पर पहुंचे और गांधीवादी तरीके से पेट्रोल और डीजल के बढ़ रहे दामों को लेकर केंद्र सरकार का विरोध जताया। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप पर अपने वाहनों में पेट्रोल भरवा रहे वाहन चालकों को गुलाब का फूल भेंट कर गांधीगिरी करते हुए प्रदर्शन किया और पेट्रोल व डीजल के बढ़े दामों पर अपना आक्रोश जताया। सपा नेताओं ने लोगों को फूल देते हुए कहा कि यह भाजपा के महंगाई वाले अच्छे दिन है। चिंता की कोई बात नहीं है। अगर आप लोगों को फिक्र है तो सड़कों पर उतर कर साथ दे।
पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पेट्रोल की कीमत 100 रुपए पहुंच गई है। इसके अलावा रसोई गैस सिलेंडर भी 900 रुपए का हो गया है। विपक्ष ने बढ़ती महंगाई को मुद्दा बनाया है। इसको लेकर शुक्रवार को आगरा में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने गांधीवादी तरीके से विरोध प्रदर्शन किया।
सपा कार्यकर्ता राजपुर चुंगी स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे। यहां पर पेट्रोल भरवाने आए लोगों को गुलाब का फूल भेंट किया और लोगों से महंगाई के विरोध में आवाज उठाने की अपील की। वाहन चालकों ने भी अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वास्तव में केंद्र सरकार ने आम व्यक्ति की कमर तोड़ दी है। अब आम व्यक्ति के पास प्रदर्शन और आक्रोश जताने के अलावा कोई और दूसरा रास्ता नहीं है।
सपा महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार ने कहा कि आज महंगाई से आम आदमी बुरी तरह परेशान हैं। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, सरसों का तेल, दाल-चावल सहित ऐसी कोई वस्तु नहीं है जो महंगी न हुई हो। गरीब तबके के सामने रोजी-रोटी की समस्या है। परेशान होकर लोग आत्महत्या कर रहे हैं। ऐसे में लोगों को डिप्रेशन से बाहर निकालने के लिए उन्हें गुलाब का फूल भेंट किया है। जनता को भरोसा दिलाया है कि 2022 में प्रदेश में सपा सरकार बनने पर महंगाई से राहत दिलाई जाएगी।
जिला अध्यक्ष मधुसूदन शर्मा का कहना था कि पहले पेट्रोल पैसे दर पैसे बढ़ते थे लेकिन आज उसकी बढ़ोत्तरी रुपए में तब्दील हो गई है। पेट्रोल आगरा जिले में ₹100 से ऊपर बिक रहा है। पेट्रोल और डीजल के दामों के बढ़ने से खाद्य वस्तु भी महंगी हो रही है। लोग परेशान हैं लेकिन इस परेशानी से भी सरकार को कोई सरोकार नहीं है वह सिर्फ चुनाव जीतने पर ध्यान दे रही है।