Home » पुरानी रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर बदमाशों ने एक युवक के ऊपर किया जानलेवा हमला, सीसीटीवी में कैद घटना

पुरानी रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर बदमाशों ने एक युवक के ऊपर किया जानलेवा हमला, सीसीटीवी में कैद घटना

by admin
History sheeter miscreants attacked a young man due to old enmity, incident captured in CCTV

Agra. थाना लोहामंडी क्षेत्र में रविवार देर रात एक पुराने विवाद की रंजिश में हिस्ट्रीशीटर बदमाशों ने एक युवक पर सीधे फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली की आवाज से क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। घायल युवक को तुरंत एसएन में भर्ती कराया गया और पुलिस को भी इस घटना की सूचना दी गयी। हमलावरों की यह करतूत सीसीटीवी में कैद हो गयी है। पीड़ित ने हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है और कानूनी कार्यवाही की मांग की है।

घटना लोहामंडी थाना क्षेत्र के घास की मंडी की है। पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने आते ही मारपीट शुरू कर दी थी। जब वो जान बचाने के लिए भागे तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दी और फरार हो गए। इस घटना में पंकज से सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने इलाज के लिए पंकज को एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा है। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना का सामने आया सीसीटीवी फुटेज में करीब 6 बदमाश 4 बाइकों पर नज़र आ रहे हैं। सभी के हाथों में असलाह है। वीडियो में बदमाश पीड़ित पंकज यादव को लाठी, ईंट और सरिया से पीटते नजर आ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार लोहामंडी के पुनिया पाड़ा में पंकज यादव की हलवाई की दुकान है। पंकज यादव का शैलेन्द्र गोयल नाम के व्यक्ति से लेनदेन का विवाद चल रहा है। सूत्रों की मानें तो पंकज यादव ब्याज पर रुपए देने का काम करता है। शैलेन्द्र ने पकंज से पैसे लिए और अब तगादा करने पर जान से मारना चाहता है। घायल की पत्नी ने बताया कि पति पंकज यादव पर हिस्ट्रीशीटर अजीत यादव, अर्जुन यादव, लाला यादव और अभिषेक वर्मा ने हमला किया। इन सभी को नामजद करने के साथ कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। बताया जा रहा है कि एक आरोपी अभिषेक अभी जमानत पर बाहर आया है। जेल में लल्ला यादव का मयंक यादव के साथ दोस्ताना व्यवहार बना और लल्ला यादव के कहने पर आज यह वारदात अंजाम दी गई है।

पीड़ित की पत्नी का कहना है कि पति पंकज यादव पर मार्च माह में भी चिराग यादव और भूरा उर्फ अनुरूप द्वारा जानलेवा हमला किया गया था। घटना सीसीटीवी में कैद हुई। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया और चिराग यादव को जेल भेजा था लेकिन दूसरा आरोपी भूरा अभी तक फरार है।

घायल पंकज यादव का कहना है कि 6 महीने से वो थाना पुलिस और अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है। उसे जान से मारने की धमकी मिल रही है। पुलिस को उसकी कॉल रिकार्डिंग देने पर भी पुलिस ने कुछ नहीं किया बल्कि उसे ही थाने मे बंद करने की धमकी देती है। अधिकारी थाना पुलिस को जांच के आदेश देते हैं और पुलिस मामला निपटा देती है। आरोपी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और जुआ व सट्टे का काम करते हैं। उनके सुविधा शुल्क के चलते हिस्ट्रीशीटर थाने में दबंगई के साथ उठते बैठते हैं।

मामले में सीओ लोहामंडी सौरभ सिंह का कहना है कि क्षेत्र के कुछ हिस्ट्रीशीटर के नाम संज्ञान में आये हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस जुट गई है। पुलिस लगातार आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Related Articles