Home » सहारनपुर वाले गुप्ता ब्रदर्स दुबई से गिरफ्तार

सहारनपुर वाले गुप्ता ब्रदर्स दुबई से गिरफ्तार

by admin
Gupta Brothers of Saharanpur arrested from Dubai

नई दिल्ली। सहारनपुर वाले गुप्ता ब्रदर्स यूएई से गिरफ्तार। दक्षिण अफ्रीका में अरबों रुपये के घोटाले का आरोप।

दक्षिण अफ्रीका में अरबों रुपये के घोटाले के आरोप में सहारनपुर के गुप्ता ब्रदर्स को संयुक्त् अरब अमीरात में गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें राजेश गुप्ता और अतुल गुप्ता शामिल हैं, जबकि तीसरे भाई अजय गुप्ता की गिरफ्तारी की कोई जानकारी नहीं है।

राजनीतिक भ्रष्टाचार के आरोप
एक न्यूज एजेंसी एएनआई ने रायटर्स के हवाले से यह जानकारी दी है। एक न्यूज वेबसाइट के मुताबिक, दोनों को सोमवार को गिरफ्तार​ किया गया है। गुप्ता बंधु पर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा के शासनकाल के दौरान राजनीतिक भ्रष्टाचार के आरोप हैं। पिछले साल जुलाई में इनके खिलाफ इंटरपोल का नोटिस जारी किया गया था।

पिता जाने माने मसाला कारोबारी थे
बताया जा रहा है कि साउथ अफ्रीका के कारोबार जगत में गुप्ता बंधुओं की तूती बोलती थी। तीनों भाई अजय गुप्ता, अतुल गुप्ता और राजेश गुप्ता यूपी के सहारनपुर के निवासी हैं। इनके पिता शिवकुमार गुप्ता का सहारनपुर के रानीबाजार में राशन की दुकान थी। इनके पिता भी मसालों के जाने माने कारोबारी थे।

राजनीतिक संबंध पड़ गए कारोबार पर भारी
बताया जा रहा है कि गुप्ता बंंधुओं के राजनीतिक संबंध कारोबार पर भारी पड़ गए। साउथ अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा के साथ उनकी काफी नजदीकी थी।

ऐसे शुरू हुआ बुरा समय
साल 2016 में साउथ अफ्रीका के तत्कालीन उप वित्त मंत्री मसोबिसि जोनास ने आरेाप लगाया कि गुप्ता बंधुओं ने उनसे ​वादा किया था कि वे उन्हें वित्त मंत्री बनवाएंगे। आरोप ये भी था कि उन्होंने जैकब जुमा के साथ संबंधों का फायदा उठाकर गलत तरीके से कारोबार को बढ़ाया। राजनीतिक संबंधों का फायदा उठाकर सरकारी ठेके हासिल किए। इनका राजनीति में दखल भी तेज हो गया। मंत्रियों की नियुक्तियों में हस्तक्षेप भी करने लगे। इसके बाद विवाद इस कदर बढ़ा कि जैकब जुमा को इन गुप्ता ब्रदर्स के चक्कर में अपनी कुर्सी भी खोनी पड़ी। बता दें कि जैकब जुमा काफी लोकप्रिय राष्ट्रपति रहे हैं।

फिर चले गए दुबई
साल 2018 में अपने को फंसता देख गुप्ता बंधु दुबई चले गए। तब से वहीं रह रहे थे। इनमें से दो भाइयों को सोमवार को गिरफ्तर कर लिया गया।

ऐसे बढ़ाया कारोबार
दरअसल, अतुल गुप्ता दिल्ली से पढ़ाई करने के बाद साउथ अफ्रीका चले गए। वहां पर 1993 में उन्होंने सहारा कंप्यूटर्स की शुरुआत की। देखते ही देखते उनका यह कारोबार पूरे साउथ अफ्रीका में फैल गया। उनकी कंपनी नंबर वन हो गई। फिर उन्होंने कोल और गोल्ड माइनिंग में भी अपनी किस्मत आजमाई। इसके बाद न्यूज एज नाम से अखबार भी निकाला।। फिर देखते ही देखते वहीं पर ये कई न्यूज चैनलों के मालिक बन गए।

अगर आप हमारे न्यूज़ ब्रेकिंग के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ना चाहते हैं तो इस लिंक पर क्लिक करके हमें सपोर्ट करें, धन्यवाद…

https://chat.whatsapp.com/Bd1V2ia1YGyCMbk8QApuWF

Related Articles