Home » घटिया आजम खां मार्ग का नाम बदल श्री अशोक सिंघल मार्ग रखा गया, आगरा मेयर ने किया लोकार्पण

घटिया आजम खां मार्ग का नाम बदल श्री अशोक सिंघल मार्ग रखा गया, आगरा मेयर ने किया लोकार्पण

by admin
Ghatiya Azam Khan Road was renamed as Ashok Singh Marg, Agra Mayor inaugurated

आगरा। आज रविवार को राम मंदिर आंदोलन के पुरोधा एवं हिंदू हृदय सम्राट स्व. अशोक सिंघल की जन्म स्थली घटिया चौराहा से लेकर सिटी स्टेशन रोड तक का नाम बदलकर ‘श्री अशोक सिंघल’ मार्ग नाम रखे जाने का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में मेयर नवीन जैन मौजूद रहे। जैसे ही मेयर ने नारियल फोड़ एवं पट्टिका अनावरण कर लोकार्पण किया वैसे ही चारों ओर लगे ‘अशोक सिंघल अमर रहें’, ‘जो हिंदू हित की बात करेगा, वही देश पर राज करेगा’, भारत माता की जय आदि नारों से चौराहा गूंज उठा।

इससे पूर्व विक्टोरिया इंटर कॉलेज (घटिया) पर लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रीय लोग, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, पार्टी के पदाधिकारी, पार्षद गण और कई हिंदूवादी नेताओं के अलावा वे लोग भी मौजूद रहे जिन्होंने कहीं न कहीं राम मंदिर आंदोलन में अपना सहयोग दिया। वहीं मेयर के साथ में राष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक मनोज, विश्व हिंदू परिषद के प्रान्त उपाध्यक्ष सुनील पाराशर, केशव मंडल अध्यक्ष श्याम बाबू शर्मा, मनकामेश्वर मंडल अध्यक्ष धीरज जैन, महानगर उपाध्यक्ष मनोज राजौरा, पार्षद दल के उप नेता मोहन सिंह लोधी, पार्षद जगदीश पचौरी, क्षेत्रीय पार्षद मंशा देवी राजौरा, पार्षद सविता अग्रवाल मंचासीन रहे।

मंच से उद्बोधन देते हुए मेयर नवीन जैन ने कहा कि सन 1984 में जिन्होंने राम मंदिर आंदोलन की नींव रखी और पूरे देश के हिंदू समाज को एकजुट किया। ऐसे हिंदू हृदय सम्राट स्व. अशोक सिंघल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संयुक्त प्रयासों से अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हुआ। ऐसे राम मंदिर आंदोलन के पुरोधा स्व. अशोक सिंघल की जन्म स्थली आगरा में घटिया चौराहा के पास है। हमारा प्रयास था कि हिंदू समाज के सैकड़ों वर्षों के इस सपने को पूरा करने वाले ऐसे अशोक सिंघल को हम अपनी ओर से सच्ची श्रद्धांजलि देने का काम करें, इसके लिए हमने नगर निगम बोर्ड के माध्यम से आज उनकी जन्मस्थली घटिया चौराहा से सिटी स्टेशन रोड जाने वाले मार्ग का नाम स्व. अशोक सिंघल जी के नाम से रखे जाने का लोकार्पण किया है।

मेयर नवीन जैन ने जानकारी दी कि इससे पहले भी हमने सुल्तानगंज पुलिया का नाम बदलकर उसे विकल चौक किया है। विकल चौक से कमला नगर की तरफ जाने वाले मुगल रोड का नाम बदलकर महाराजा अग्रसेन मार्ग किया है। हमारा प्रयास है कि जिन महान लोगों ने आगरा शहर, समाज और देश के लिए विशेष योगदान दिया है उसको हम शहरवासी किसी न किसी रूप में याद रखें। इसके लिए हम सदैव प्रयासरत हैं और आगे भी रहेँगे।

विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष सुनील पाराशर ने उद्बोधन के दौरान अशोक सिंघल के साथ बिताए क्षणों को याद करते हुए बताया कि अशोक सिंघल पूरे हिंदू समाज को एक साथ लेकर चलने वाले व्यक्ति थे। 1991-92 में जब राम मंदिर आंदोलन के दौरान जब विभिन्न शहरों में कर्फ्यू दंगा हो रहे थे, तब अशोक सिंघल जी और मेयर नवीन जैन जी के साथ मुझे भी जेल यात्रा का सौभाग्य मिला। ऐसे व्यक्तित्व के नाम पर आज महापौर नवीन जैन ने जो अशोक सिंघल मार्ग का लोकार्पण किया है इसके लिए उन्हें कोटि-कोटि धन्यवाद।

वहीं राष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक मनोज ने कहा कि हिंदू समाज के उत्थान के लिए जिन लोगों ने अपना पूरा जीवन त्याग कर दिया, ऐसे लोगों को आज वर्तमान सरकार उन्हें जीवंत बनाने का काम कर रही है। इसी क्रम में मेयर नवीन जैन ने हिंदू हित की दिशा में काम करने वाले, हिंदू समाज को एकजुट बनाने वाले हिंदू हृदय सम्राट के नाम पर इस मार्ग का लोकार्पण किया है। जिसके लिए मैं उनका धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करता हूं।

वहीँ ‘श्री अशोक सिंघल मार्ग’ नाम का लोकार्पण होने से उत्साहित क्षेत्रीय पार्षद मंशा देवी और भाजपा ब्रज क्षेत्र अनुसूचित मोर्चा के उपाध्यक्ष शिवकुमार राजौरा के नेतृत्व में खटीक समाज के द्वारा मेयर नवीन जैन का 51 किलो की माला और तलवार भेंट कर अभिनंदन किया गया। इसके अलावा कार्यक्रम में मौजूद विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, पार्षद गण और क्षेत्रीय लोगों द्वारा भी महापौर का स्वागत सत्कार किया गया।

Related Articles