Agra. दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर फूल व्यापारियों और किसानों के चेहरे पर कुछ रौनक लौटती हुई दिखाई दी। भारी संख्या में फूलों को खरीदने के लिए पहुंचे लोगों की भीड़ देखकर व्यापारी उत्साहित नजर आए तो वहीं शहर वासियों ने दीपावली पर्व के पूजन और घर की साज-सज्जा के लिए जमकर फूलों की खरीदारी की। लगभग 2 साल बाद फूल मंडी में लोगों की भीड़ उमड़ी है।
गेंदे का फूल 160 रुपये प्रति किलो
फूल मंडी में गेंदे के फूलों की भी कई वैरायटी नजर आई और उसी के हिसाब से उनकी कीमतें भी तय की गई थी। दीपावली पर्व के अवसर पर गेंद का फूल ₹80 किलो से लेकर ₹160 किलो तक व्यापारियों और किसानों ने बेचा। सबसे महंगा फ्रेश गेंदे का फूल ₹160 किलो बिका।
दो साल बाद व्यापारियों के चेहरे पर दिखी खुशी
कोरोना संक्रमण के कारण पिछले दो सालों से फूलों का व्यापार चल नही रहा था जिससे किसान के साथ व्यापारी भी काफी परेशान थे। कोरोना संक्रमण कम होने पर बाजार खुले तो लोगों की दीपावली भी खूब मनी। भारी मात्रा में फूल व्यापारी और किसान मंडी पहुंचे थे। मंडी में जगह न होने पर किसानों ने सड़कों के किनारे ही अपने फूलों को रखकर बेचना शुरू कर दिया।