आगरा। पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश और उसके साथ ओले गिरने से अन्नदाता को भारी नुकसान हुआ है। मूसलाधार बारिश के कारण किसान की अधिकतर गेंहूं की फसल बर्बाद ही गयी है। बारिश के कारण किसानों की खेती के हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए किसान संघ नेताओं ने फतेहपुर सीकरी लोकसभा के अधिकतर गांव का दौरा किया। इस दौरान किसान नेताओ ने किसानों से वार्ता की और मौके पर पहुँचकर किसानों की खेती भी देखी जो बारिश के कारण बर्बाद हो चुकी थी। भारतीय किसान संघ के प्रांत अध्यक्ष मोहन सिंह चाहर ने शासन प्रशासन से किसानों की बर्बाद हुई खेती का आंकलन कर किसानों को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
मतदान से पूर्व की रात को जिले में मूसलाधार बारिश के साथ ओले भी गिरे थे जिससे किसानों की गेंहू की फसल को भारी नुकसान हुआ है। भारतीय किसान संघ के नेताओ ने सहारा, मिढ़ाकुर, डावली, सगुनापुर सहित कई गांव में दौरा कर गेंहूँ की फसल में हुऐ नुकसान को देखा औऱ किसानों से नुकसान की जानकारी ली।
किसान संघ के प्रांत अध्यक्ष मोहन सिंह चाहर ने बताया कि तेज हवा, मूसलाधार बारिश और ओले के कारण गेंहूँ की जो फसल खड़ी थी वो गिर गई औऱ जो कट गई थी वो बारिश से पूरी भीग गयी। जिसे दो दिन से सुखाया जा रहा है। बारिश में भीगने से गेंहूँ काला पड़ जाता है जिसे सरकारी खरीद केंद्रों पर भी नहीं लिया जाता है।
किसान नेताओं ने शासन प्रशासन से मांग की है कि किसानों की फसल की क्षति का जल्द से जल्द आंकलन कराकर किसानों को मुआवजा दिया जाए जिससे किसानों की नुकसान की भरपाई हो सके।