Home » दस लाख का कर्ज चुकाने को 33 किलो चांदी के लूट की रची झूठी कहानी

दस लाख का कर्ज चुकाने को 33 किलो चांदी के लूट की रची झूठी कहानी

by admin
False story of robbing silver to repay the loan of ten lakhs

आगरा। दस लाख का कर्ज चुकाने को कारीगर ने चांदी लूट की रची झूठी कहानी। पुलिस की सख्ती के बाद टूटा तो कबूला जुर्म।

बुधवार को हुई चांदी लूट का खुलासा हो गया है। चांदी की कोई लूट नहीं हुई थी। बल्कि चांदी कारीगर ने ही झूठी लूट की कहानी रची थी। सख्ती से पूछताछ करने पर चांदी कारीगर रिंकू टूट गया। उसने पूरी घटना का खुलासा कर दिया। इस पूरे मामले की जानकारी एसएसपी आगरा ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।

बुधवार को हुई थी वारदात
आपको बताते चलें कि बुधवार को चांदी कारीगर रिंकू ने पुलिस को सूचना दी कि वह 32 किलो चांदी लेकर अपनी एक्टिवा से जीवनी मंडी की ओर जा रहा था। तभी तभी थाना एत्मादुद्दौला के पीछे से आए बदमाशों ने गाड़ी में टक्कर मारी। फिर आंख में मिर्च झोंककर चांदी से भरा थैला लूट लिया। फरार हो गए। इसके बाद रिंकू ने शोर मचाया। तब वहां आसपास के लोग आए। पुलिस को सूचना दी। थाने के पीछे वारदात होने से पुलिस में हड़कंप मच गया। जगह—जगह चेकिंग शुरू की गई। लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए।

सीसीटीवी में नहीं दिखे बदमाश
पुलिस के आला अधिकारियों ने तुरंत अधीनस्थों को बदमाशों को पकड़ने के निर्देश जारी किए। थाना प्रभारी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आसपास लगे सीसीटीवी देखने लगे। इस दौरान सीसीटीवी में ना कोई अपाचे बाइक दिखाई दी और ना ही बदमाश दिखाई दिए। इस पर पुलिस को कारीगर रिंकू पर ही शक गया। उन्होंने चांदी कारीगर रिंकू से सख्ती से पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ होने पर चांदी कारीगर रिंकू टूट गया। उसने कबूल किया कि चांदी की लूट नहीं हुई है बल्कि दस लाख रुपये के कर्जे के चलते उसने ही चांदी लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी।

मेडिकल में नहीं हुई पुष्टि
एसएसपी आगरा सुधीर कुमार ने गुरुवार को बताया कि चांदी कारीगर रिंकू ने लूट की झूठी कहानी रची थी। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पता लगाया तो कोई भी अपाचे गाड़ी उसी स्थान पर दिखाई नहीं दी। रिंकू का मेडिकल कराया गया तो आंखों में किसी भी तरह की मिर्च ना होने की रिपोर्ट सामने आई। जिसके बाद उसे सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया। पूछताछ में उसने बताया कि उस पर दस लाख रुपये का कर्ज था। इसीलिए उसने चांदी लूट जाने की झूठी कहानी रची थी। उसकी निशानदेही पर पूरी चांदी बरामद कर ली गई है। रिंकू के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर जेल भेजा गया है।

अगर आप हमारे न्यूज़ ब्रेकिंग के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ना चाहते हैं तो इस लिंक पर क्लिक करके हमें सपोर्ट करें, धन्यवाद…

https://chat.whatsapp.com/Bd1V2ia1YGyCMbk8QApuWF

Related Articles