Home » एत्मादपुर विधायक के समर्थकों का भाजपा कार्यालय पर हंगामा, धर्मपाल को पार्टी में शामिल करने का किया विरोध

एत्मादपुर विधायक के समर्थकों का भाजपा कार्यालय पर हंगामा, धर्मपाल को पार्टी में शामिल करने का किया विरोध

by admin
Etmadpur MLA's supporters create ruckus at BJP office, protest against the inclusion of Dharampal in the party

Agra. समाजवादी पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल होना डॉ धर्मपाल की लिए मुसीबत बन सकता है। भले ही पूर्व विधायक धर्मपाल के समर्थक उत्साहित हों लेकिन वर्तमान विधायक रामप्रताप सिंह चौहान के समर्थकों ने पूर्व विधायक डॉक्टर धर्मपाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बूथ से लेकर मंडल तक के पदाधिकारी और कार्यकर्ता विरोध में उतर आए। सभी ने ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर भाजपा नेतृत्व के खिलाफ प्रदर्शन किया और डॉ धर्मपाल को भाजपा में शामिल कराने पर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर हुई जमकर नारेबाजी

ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर हमेशा पार्टी से जुड़ी मीटिंग होती थी। वहीं से पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ता को निर्देशित किया जाता था लेकिन बुधवार को ब्रज क्षेत्र कार्यालय अखाड़े में तब्दील नजर आया। भाजपा पार्टी के कार्यकर्ता ही अपनी ही पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे और अपना आक्रोश व्यक्त कर रहे थे।

एत्मादपुर विधानसभा के मंडल अध्यक्ष और नगर अध्यक्षों ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ब्रजक्षेत्र कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के दौरान सभी के हाथों में उनका इस्तीफा भी था। हाथों में इस्तीफा लहराते हुए सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी ‘हमारा इस्तीफा भी स्वीकार हो’ यह नारे लगा रहे थे। पूरा ब्रज क्षेत्र कार्यालय इन नारों से गूंजता रहा।

मंडल अध्यक्ष ने पार्टी नेतृत्व पर साधा निशाना

एत्मादपुर विधानसभा के एक मंडल अध्यक्ष ने कहा कि बड़ी विडंबना है कि जो नेता अभी तक जिन्ना समर्थक रहा और भाजपा नेतृत्व को गाली देता रहा। अब ऐसी क्या परिस्थिति पड़ गई कि भाजपा ने पूर्व विधायक धर्मपाल सिंह को पार्टी में सदस्यता दिलाई जबकि इस सीट पर भाजपा का कब्जा है। रामप्रताप चौहान इस सीट से विधायक हैं। उनके विधायक में ऐसी क्या कमी थी, क्या दाग लगा कि पार्टी ने उस बाहरी व्यक्ति पर दांव खेलने का कार्य शुरू किया है जो अभी तक पार्टी नेतृत्व को निशाने पर लेता रहा है।

कार्यालय पर मौजूद थे बृज क्षेत्र अध्यक्ष

बताया जाता है कि भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत महेश्वरी भी मौजूद रहे। भाजपा कार्यकर्ता अपनी आवाज को बुलंद करने के लिए प्रदर्शन करते रहे और दो टूक शब्दों में कहते रहे कि अगर एत्मादपुर सीट से डॉ. धर्मपाल चुनाव लड़ेंगे तो संगठन का कोई भी कार्यकर्ता उनके लिए काम नहीं करेगा।

Related Articles