Home » बुजुर्ग दंपति ने आगरा एसएसपी से की इच्छा मृत्यु की मांग, अपने ही बने जान के दुश्मन

बुजुर्ग दंपति ने आगरा एसएसपी से की इच्छा मृत्यु की मांग, अपने ही बने जान के दुश्मन

by admin
Elderly couple demanded euthanasia from Agra SSP, became enemy of their own life

Agra. इस भीषण व गलन भरी सर्दी में एक बुजुर्ग पति-पत्नी पिछले 9 दिन से अपने ही घर के बाहर धरने पर बैठकर अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। बुजुर्ग दंपति अपनों के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाये हुए है। जिन बच्चों को 9 साल पहले ही बेदखल कर दिया था आज वही घर पर कब्जा जमाए बैठे हुए हैं। पीड़ितों की शिकायत पर आई पुलिस ने भी उनकी मदद नहीं की है जिससे अब बुजर्गों ने एसएसपी से इच्छा मृत्यु की मांग की है।

यह पूरा मामला आगरा के थाना सदर क्षेत्र का है। देवरी रोड के सिंहो का नगला निवासी लखमी चंद्र व उनकी पत्नी शारदा का आरोप है की उनके बेटे बलवीर, चंद्रेश, चंद्रप्रकाश व उनकी पत्नी और बच्चे उनसे मारपीट करते हैं, घर पर कब्जा जमाये बैठे हुए हैं। पीड़ित बुजुर्ग दंपति अपने घर के बाहर 9 दिन से धरने पर बैठे हुए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस ने उनकी कोई मदद नहीं की है। पुलिस कर्मियों ने उनसे कहा है कि वे उन्हें घर में प्रवेश दिलवा सकते हैं पर आगे की जिम्मेदारी उनकी नहीं है। पीड़ित बुजुर्ग दंपति ने एसएसपी आगरा से न्याय या फिर इच्छा मृत्यु की मांग की है।

2013 में कर चुके हैं बेदखल

75 वर्षीय बुजुर्ग लखमी चंद्र रिटायर्ड राज्यकर्मी हैं। साल 2013 में बच्चों की खराब हरकतों के चलते उन्होंने बच्चों को बेदखल कर दिया था। बच्चों द्वारा ध्यान न देने पर वो घर से निकल कर किराये के मकान में रहने लगे थे। वर्तमान में उनकी पत्नी शारदा को हार्ट की बीमारी हो गयी है और उनको पैरालेसिस का अटैक पड़ चुका है, वो खुद दैनिक क्रिया के लिए भी नहीं जा पाते हैं। इस कारण वो अपने घर में वापस जाना चाहते हैं। उनकी मांग है की उनके मकान की तीन दुकानें उन्हें वापस मिल जाएं और कमरे के पास दीवार उठा कर उनका पोर्शन अलग कर दिया जाए।

पीड़ित बुजुर्ग दंपति का कहना है कि पुलिस से शिकायत की तो क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने कहा कि वह उन्हें घर में प्रवेश दिलवा सकते हैं लेकिन उसके बाद उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। पुलिस की यह बात सुनकर बुजुर्ग दंपत्ति और ज्यादा परेशान हो गए हैं। अगर पुलिस उनका साथ नहीं देगी तो कौन देगा। पहले से ही लोग उनकी जान लेने पर उतारू हैं। फिलहाल कुछ न होता देख अब पीड़ित बुजुर्ग दंपति ने एसएसपी से इच्छा मृत्यु की गुहार लगाई है।

Related Articles