आगरा। कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। आगरा में कैसे अचानक कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ी, यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी पी.एन सिंह ने बताया कि हाल ही में जो रिपोर्ट आई है उसके मुताबिक कोरोना संक्रमित लोगो की संख्या 45 हो गई है लेकिन उनमें से आठ मरीज घर सही होकर जा चुके हैं। अभी कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 37 है।
जिला अधिकारी पीएन सिंह ने बताया कि निजामुद्दीन जमात से लौटे लोगों की संख्या ज्यादा है। जमात से लौटे लोगों को क्वारंटाइन किया जा रहा है। निजामुद्दीन जमात से तीन ग्रुप में लोग लौटे थे। जमात से लौटा पहला ग्रुप 28, दूसरा 61 और तीसरे ग्रुप को मिलाकर अब कुल 137 लोग हो चुके हैं। इन सभी तीन अलग-अलग जगह रखा गया है। इनमे से 31 जमाती पॉजिटिव है। जिस एरिया से यह लोग आए थे जैसे आजमपाड़ा व अन्य क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।
लॉक डाउन को लेकर सुबह एसएसपी आगरा के साथ निरीक्षण भी कर लिया गया था। इन सभी क्षेत्रों को सेनिटाइज किया जा रहा है। नगर निगम की टीम को सेनिटाइज़ेशन के लिए लगाया गया है, साथ ही किसी के भी संदिग्ध दिखने पर उसकी जांच के लिए सैंपल लिए जा रहे हैं। निरीक्षण के लिए टीम लगा दी गयी है।