फिरोजाबाद। शिकोहाबाद नगर में इन दिनों आवारा पागल कुत्ते का आतंक मचा हुआ है। यह आवारा कुत्ते अब खूंखार होने के साथ साथ हमलावर हो चले हैं। दीपावली पर्व पर जब सभी लोग इस पर्व की खुशी के उल्लास में थे तभी शिकोहाबाद के स्वामी नगर में एक आवारा खूंखार कुत्ते ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को अपना शिकार बना लिया। इस घटना से आक्रोशित स्वामी नगर के लोगों ने इस पागल कुत्ते को मार डाला और सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ उनका उपचार चल रहा है।
क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि कई दिनों से एक आवारा पागल कुत्ता मोहल्ले में घूम रहा है। दिवाली पर्व को लेकर जब सभी लोग अपने कार्यो में व्यस्त थे तभी यह पागल कुत्ता मोहल्ले के सभी लोगों को दौड़ दौड़ कर काटने लगा। तकरीबन इस कुत्ते ने एक साथ आधा दर्जन लोगों को अपना शिकार बनाया। इनमे से दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए है। सभी को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना से आक्रोशित लोगों ने मौके पर ही इस पागल कुत्ते को पीट पीट कर मार डाला। उनका कहना था कि अगर वह इस कुत्ते को नही मारते तो न जाने कितने लोगों को वो अपना शिकार बनाता। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों ने नगरपालिका को लेकर अपना आक्रोश भी व्यक्त किया। स्थानी लोगों का कहना था कि नगरपालिका की लापरवाही के चलते शहर में आज लगातार आवारा जानवर एवं पागल कुत्तों का आंतक बढ़ गया है।