Home » कांग्रेसियों ने श्रद्धभाव के साथ मनाई स्व. राजीव गांधी की जयंती, आधुनिक देश के निर्माण में दिए गए योगदान को किया गया याद

कांग्रेसियों ने श्रद्धभाव के साथ मनाई स्व. राजीव गांधी की जयंती, आधुनिक देश के निर्माण में दिए गए योगदान को किया गया याद

by admin

आगरा। देश के पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़े ही श्रद्धभाव के साथ मनाया। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू के नेतृत्व में हरियाली वाटिका पर आयोजित जयंती समारोह में काँग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर कांग्रेस शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जीवन पर अपने विचार रखे और कहा कि देश के विकास में राजीव गांधी का महत्वपूर्ण योगदान है जिसे भुलाया नहीं जा सकता है। दूर संचार क्रांति, कंप्यूटर क्रांति, पंचायती राज्य, महिला सशक्तिकरण, 18 वर्ष के युवक युवतियों को मतदान का अधिकार दिलाना, उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी उनकी याद दिलाते हैं। राजीव गांधी देश को अपने विकास कार्यों के माध्यम से 21 वी सदी में ले जाना चाहते थे, जिसके माध्यम से देश के लाखों बेरोजगारों को रोजगार मिले, देश में बड़ी-बड़ी आईटी सेक्टर की कंपनी लगी।

पश्चिमी यूपी कांग्रेस किसान कांग्रेस के अध्यक्ष व पूर्व विधायक डॉ अनिल चौधरी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जिस प्रकार से राजीव गांधी ने देश को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा और इसके लिए काम भी किए थे, वर्तमान मोदी सरकार देश के विकास को गर्त में धकेल कर सिर्फ अपने गुजराती उद्योगपति मित्र अडानी अंबानी के विकास के लिए काम कर रही है बल्कि देश के नौजवानों को बेरोजगार बना रही है, किसानों को आत्महत्या के लिए विवश कर रही है। सरकारी संस्थाओं को अडानी अम्बानी को बैंकों से कर्ज दिलाकर बेचना, देश को पुनः इनका गुलाम बनाने की कोशिश को दर्शाता है। पूर्व विधायक ने कहा कि मोदी सरकार ने देश को पूरी तरह से खस्ता हाल कर दिया है, लॉकडाउन का सही मायने में असली लाभ मोदी जी के इन दोनों गुजराती उद्योगपति मित्रों अडानी अम्बानी ने आर्थिक रूप से मजबूत होकर उठाया है और बाकी देश के उद्योग धंधे कंगाली के कगार पर पहुंच गए हैं।

सेंट पीटर्स चौराहे स्थित कांग्रेस कार्यालय पर भी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती मनाई गई। महिला शहर अध्यक्ष के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

वरिष्ठ कांग्रेसी अनवार सिद्दीकी ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माता व संचार क्रांति के जनक थे जिन्होंने भारत की तसवीर बदलने के लिए कई कार्य किये। इस अवसर पर महिला शहर अध्यक्ष ने राजीव गांधी के देशहित में किये कार्यो का जनजागरण करने पर जोर दिया जिससे उनके कार्यो व बलिदान को युवा पीढ़ी जान सके।

Related Articles