आगरा। मंगलवार को भारतीय महिला सुरक्षा संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने आईजी रेंज आगरा के कार्यालय का घेराव कर लिया। आईजी रेंज आगरा ए सतीश गणेश के कैंप कार्यालय का घेराव करती महिलाएं और युवतियां सिकंदरा पुलिस पर गंभीर आरोप लगा रही हैं। आईजी के कार्यालय पर घेराव सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सीओ सदर प्रभात कुमार के नेतृत्व में कई थानों का पुलिस बल और महिला पुलिस भी मौके पर पहुंची।
भारतीय महिला सुरक्षा संघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रियंका वरुण का कहना था कि थाना सिकंदरा पुलिस पीड़ितों का नहीं आरोपियों का साथ देती है। थाना सिकंदरा में एसपी सिटी आगरा और एसएसपी आगरा के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया गया। बावजूद इसके सिकंदरा पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्यवाही नहीं की और आरोपी खुले में घूम रहे हैं।
प्रियंका ने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है जब आगरा की सिकंदरा पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हों। इससे पूर्व में भी सिकंदरा पुलिस पर तमाम आरोप लगे है मगर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। वहीं आईजी कार्यालय का घेराव करने वाली महिलाओं युवतियों के साथ में भारतीय महिला सुरक्षा संघ ने साफ कर दिया है कि अगर आईजी कार्यालय से भी न्याय नहीं मिला तो आगे चलकर एक बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
जहां आईजी कार्यालय की सूचना पर कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो वहीं आईजी कार्यालय को छावनी बना दिया गया था। हालांकि भारतीय महिला सुरक्षा संघ के नेतृत्व में आने वाली महिलाओं और युवतियों की मुलाकात आईजी रेंज आगरा ए सतीश गणेश से तो नहीं हुई। मगर मौके पर पहुंचे सीओ सदर प्रभात कुमार ने ज्ञापन लेकर न्याय का पूर्ण भरोसा दिलाया है।
पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर एक बार फिर भारतीय महिला सुरक्षा संघ ने कुछ समय अधिकारियों से लिया है। अब देखना होगा कि आईजी कार्यालय का घेराव करने वाली इन युवतियों और महिलाओं को इलाकाई पुलिस से कब तक न्याय मिल पाता है।