Delhi. दिल्ली में सियासी जड़े जमाने और सरकार बनाने के बाद अब आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की ओर कदम बढ़ा दिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को एलान किया है कि आम आदमी पार्टी 2022 में उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की बदहाल स्थिति को देखते हुए उनकी पार्टी 2022 का विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। उत्तर प्रदेश में अभी तक जिस भी दल की सरकार बनी है, उनसे सिर्फ इस प्रदेश को लूटने का काम किया है। दिल्ली के बाद पंजाब विधानसभा का चुनाव लडऩे वाली आम आदमी पार्टी ने इससे पहले लोकसभा चुनाव में भी पंजाब तथा दिल्ली में अपने प्रत्याशी उतारे थे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वह उत्तर प्रदेश में किसी भी बड़े दल के साथ किसी भी प्रकार का गठबंधन करने के मूड में नहीं है, लेकिन छोटे दलों के साथ चुनावी मैदान में उतरने से उनको कोई परहेज भी नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भले ही बिजली कम आती है, लेकिन बिजली बिल ज्यादा आता है। यूपी में बिजली फ्री क्यों नहीं है। उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। हमारे पास नीयत की कमी नहीं है। हम बीते दस वर्ष से भी अधिक के समय से दिल्ली में सरकार चला रहे हैं। अब लोग दिल्ली में सभी दलों को भूल गए हैं। उत्तर प्रदेश के लोग भी अपने बड़े काम कराने दिल्ली ही आते हैं, इसी कारण से हमने उत्तर प्रदेश का चुनाव लडऩे का फैसला किया है।
आपको बताते कि आम आदमी पार्टी बीते एक वर्ष से उत्तर प्रदेश में काफी सक्रिय है। आप से राज्यसभा के सदस्य तथा उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह प्रदेश में कई बार दौरे कर चुके है और लगातार योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोल रहे हैं।