Home » आगरा में अखिलेश यादव – ‘यह चुनाव लोकतंत्र-भाईचारा बचाने का है, भाजपा नफ़रत की राजनीति करती है’

आगरा में अखिलेश यादव – ‘यह चुनाव लोकतंत्र-भाईचारा बचाने का है, भाजपा नफ़रत की राजनीति करती है’

by admin
Akhilesh Yadav in Agra - 'This election is to save democracy-brotherhood, BJP does politics of hate'

आगरा। समाजवादी पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के समर्थन सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी आज आगरा पहुंचे जहां दोपहर लगभग 1 बजे फतेहाबाद रोड स्थित ताज कन्वेंशन सेंटर में उनकी संयुक्त प्रेस वार्ता हुई। प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने जहां आगरा की जनता से गठबंधन को समर्थन देने की अपील की तो वहीँ कोरोना महामारी में आगरा शहर की चिकित्सा स्थिति और विकास कार्यों को लेकर भाजपा को घेरा।

अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा का नाम पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है यहां बड़ी तादाद में देश-विदेश से पर्यटक आते हैं उसको देखते हुए हमने ताजमहल के आसपास विकास कार्य कराए लेकिन भाजपा की सरकार आते ही यह सभी काम रुक गए और शहर एक बार फिर से गंदगी कूड़ा की समस्याओं से घिर गया। कहने को सिर्फ आगरा को स्मार्ट सिटी घोषित कर दिया गया लेकिन वह अपने घर के आस-पास को भी स्मार्ट क्षेत्र नहीं बना पाए। आगरा मेट्रो का प्रोजेक्ट हम लेकर आए थे जिसे भाजपा वाले अपना बता कर बड़ी उपलब्धि बता रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि ‘शहर को तो छोड़ो, गंगा नदी को शुद्ध बनाने का दावा करने वाली भाजपा के राज में आज आगरा की यमुना नदी काली नदी बनती जा रही है।’

कोरोना की दूसरी लहर में आगरा शहर में हुई ऑक्सीजन क्राइसिस और चिकित्सा व्यवस्था पर भी अखिलेश यादव ने सवाल खड़े किए। अखिलेश ने कहा कि लॉकडाउन में गरीब मजदूरों की जो हालत हुई उसकी तस्वीरें आज भी जेहन में ताजा बनी हुई हैं। ऑक्सीजन के अभाव में मरीजों की कैसे मौत हुई और श्मशान घाट में चारों ओर लाशें पड़ी रही वह भी किसी से छुपा नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा कि मेरी आगरा की जनता से यह अपील है कि गठबंधन को मदद कीजिये। क्योंकि यह चुनाव लोकतंत्र भाईचारा बचाने का है जबकि भाजपा नफरत की राजनीति करती है। जहां सपा ने आगरा के कई महान लोगों को सम्मान देने का काम किया है तो वहीँ आगरा रालोद की कर्मभूमि रही है। अखिलेश यादव ने सभी विधानसभा सीटों पर खड़े हुए सपा रालोद गठबंधन के प्रत्याशियों का नाम लेते हुए उनके समर्थन में वोट देने की अपील की।

अंत में पत्रकार बंधुओं द्वारा पूछे गए एक सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि सपा रालोद का गठबंधन किसानों का गठबंधन है भाजपा इस गठबंधन से घबराई हुई है क्योंकि हमें ऐतिहासिक समर्थन मिल रहा है। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि जो अधिकारी भाजपा कार्यकर्ता बनकर काम कर रहे हैं, उनकी शिकायत की जाएगी।

Related Articles