Home » डबल मर्डर केस में आगरा पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन को किया गिरफ्तार

डबल मर्डर केस में आगरा पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन को किया गिरफ्तार

by admin
Agra police arrested three including main accused in double murder case

आगरा। दो दिन पूर्व जमीनी विवाद में दो पक्षों में हुए झगड़े में दबंग पक्ष के एक दर्जन से अधिक लोगों ने दो चचेरे भाइयों की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के परिजनों ने 14 लोगों के ख़िलाफ़ नामजद मुक़दमा दर्ज़ कराया था। पुलिस इन आरोपियों की तलाश कर ही रही थी कि उन्हें तीन आरोपियों के बीहड़ की तरफ़ भाग जाने की जानकारी मिली। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दरअसल थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र के अंतर्गत गांव चित्रपुरा में 2 दिन पूर्व को जमीनी विवाद खेत की मेड काटने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दबंग पक्ष के एक दर्जन से अधिक लोगों ने अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दो चचेरे भाई महेश पुत्र कमल सिंह उम्र करीब 45 वर्ष एवं चचेरे भाई दिनेश पुत्र अतर सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। एक साथ डबल मर्डर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी परिजनों में कोहराम मच गया था। वहीँ घटना की सूचना पर एसएसपी आगरा सुधीर कुमार भारी पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे थे। जहां मृतकों के परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी लेकर तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर गई थी।

मृतकों के भाई रामू की तहरीर पर पुलिस ने 14 नामजद लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार गठित टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। पूछताछ के लिए आरोपियों के परिजनों एवं रिश्तेदारों से पूछताछ की गई। जहां रविवार को हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष चित्राहाट महेंद्र सिंह भदोरिया पुलिस कर्मियों के साथ खेड़ा राठौर क्षेत्र के नदगवां तिराहा पर संदिग्ध व्यक्ति वाहन वांछितों की चैकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर द्वारा तीन हत्यारोपी संदिग्ध व्यक्तियों की चंबल के बीहड़ की तरफ रास्ते पर जाने की सूचना मिली। जिस पर तत्काल पुलिस टीम ने घेराबंदी भाग रहे तीन आरोपियों को दबोच लिया। जिसमें मुख्य आरोपी कालीचरण उर्फ गजेंद्र सिंह पुत्र गंगा सिंह सहित दो अन्य आरोपी अशोक पुत्र गंगा सिंह, शिव कुमार पुत्र एवरन सिंह निवासी गण गांव चित्रपुरा थाना खेड़ा राठौर को पकड़ने में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी।

पुलिस तलाशी में पकड़े गए आरोपियों से दो देसी अवैध तमंचा, 5 जिंदा कारतूस, एक बल्लम खतरनाक हथियार बरामद किया गया। थाना खेड़ा राठौर में दो चचेरे भाइयों की हत्या के दर्ज मुकदमे 302, 147, 148 ,149, 506, 34 तहत मामला दर्ज हुआ था। जिसमें पकड़े गए तीन आरोपियों सहित अन्य 11 नामजद होने के बाद वांछित फरार चल रहे थे। मुख्य आरोपी सहित दो अन्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर कार्रवाई कर जेल भेज दिया है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिशें दे रही है।

आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल थानाध्यक्ष चित्राहाट महेंद्र सिंह भदोरिया, थानाध्यक्ष खेड़ा राठौर प्रेम सिंह, उपनिरीक्षक चित्राहाट सुदेश कुमार, कांस्टेबल मौ. रिहान रजा, दुर्गेश कुमार, मौ. साजिद हुसैन, पवन कुमार मौजूद रहे।

रिपोर्ट – नीरज परिहार, तहसील बाह आगरा

Related Articles