Agra. उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल में आगरा से कई मंत्री हैं। विभिन्न आयोग के दर्जा प्राप्त चेयरमैन के पदों से भी आगरा के भाजपा कार्यकर्ताओं को नवाजा जा चुका है लेकिन इस बार मोदी सरकार की कैबिनेट में आगरा से सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल को जगह मिली है। प्रो. एसपी सिंह बघेल ने केंद्रीय राज्यमंत्री पद पर शपथ ग्रहण की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट (Modi Cabinet 2.0) को नया रूप दिया गया है। राष्ट्रपति भवन के अशोक हाल में बुधवार को हुए कैबिनेट विस्तार/फेरबदल में मंत्रियों ने शपथ ली। कैबिनेट फेरबदल में जहां कई नए मंत्री बनाए गए हैं, वहीं अब तक अच्छा प्रदर्शन करने वाले मंत्रियों को ‘प्रमोट’ भी किया गया है। मोदी की नई कैबिनेट में 43 मंत्रियों ने शपथ ली है। कैबिनेट में शामिल नए मंत्रियों में नारायण राणे, सर्वानंद सोनोवाल, वीरेंद्र कुमार, ज्योतिरादित्य सिंधिया और पशुपति कुमार पारस प्रमुख हैं। किरेन रिजीजू, हरदीप सिंह पुरी और मनसुख मंडाविया सहित कुछ मंत्रियों को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) से प्रमोट करते हुए कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है तो वहीं आगरा से प्रोफ़ेसर एसपी सिंह बघेल को केंद्रीय राज्य मंत्री बनाया गया है। सांसद प्रोफ़ेसर एसपी सिंह बघेल को मोदी केबिनेट में मंत्री बनाए जाने से उनके समर्थक और आगरा के भाजपा कार्यकर्ता काफी उत्साहित है।

मोदी कैबिनेट के लिए छोड़ी थी योगी कैबिनेट-
आगरा लोकसभा सीट से सांसद प्रो. को एसपी सिंह को लंबे इंतजार के बाद मोदी कैबिनेट में जगह मिल गई है। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री का पद छोड़कर सांसद का चुनाव जीते एसपी सिंह बघेल को तभी मंत्री बनाए जाने की अटकलें थी लेकिन मंत्री की कुर्सी के लिए उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ गया। बुधवार को जैसे ही उनके मंत्री बनाए जाने की घोषणा हुई तो समर्थकों की खुशी की ठिकाना नहीं रहा। मोदी की कैबिनेट छोड़कर सांसद बनने एसपी सिंह बघेल को अब मोदी की कैबिनेट में स्थान मिला है।
11वें नंबर पर ली मंत्री पद की शपथ-
बुधवार शाम को मोदी की नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति भवन में हुआ। उन्होंने 11वें नंबर पर मंत्री पद की शपथ ली। शपथ लेने के बाद उनके परिवार में उत्सव का माहौल हो गया। कई समर्थक तो दोपहर में ही दिल्ली पहुंच गए थे।
तत्कालीन सांसद कठेरिया का टिकट काटकर एसपी सिंह बघेल को मिला था आगरा लोकसभा का टिकट-
विधानसभा चुनाव 2017 में टूंडला से जीत के बाद उन्हें प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया। इसके बाद भाजपा ने आगरा लोकसभा क्षेत्र से उन्हें टिकट दिया तो यहां से भी प्रो. एसपी सिंह बघेल ने शानदार जीत दर्ज की। पार्टी ने ताकतवार सांसद और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रामशंकर कठेरिया का टिकट काटकर एसपी सिंह बघेल को चुनाव लड़ाया गया था।
रोचक है जीवन सफर-
उत्तर प्रदेश में सब इंस्पेक्टर की नौकरी के रूप में कैरियर शुरू करने वाले एसपी सिंह बघेल ने भी मंत्रिपरिषद की शपथ ली है। बघेल के मंत्री पद तक पहुंचने की कहानी बड़ी रोचक है।
प्रो. एसपी सिंह बघेल उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के भटपुरा के मूल निवासी हैं। इनके पिता रामभरोसे सिंह मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में तैनात थे। एसपी सिंह बघेल का जन्म मध्य प्रदेश में हुआ। पिता रामभरोसे खरगौन से रिटायर हुए। इसलिए प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा सभी मध्यप्रदेश में ही हुई। पिता की तरह ही उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा में सब इंस्पेक्टर के तौर पर भर्ती हुए और मुलायम सिंह यादव की सुरक्षा करने का मौका मिला और यही से उनकी जिंदगी का सफर राजनीति में बदला।
1998 में उतरे राजनीति में-
1989 में मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद बघेल मुलायम सिंह यादव के सुरक्षा में शामिल हो गए और उनके नजदीक आने का मौका मिला तो उन्होंने मुलायम सिंह यादव का भी दिल जीत लिया। मुलायम सिंह यादव ने उनको जलेसर सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर 1998 में पहली बार उतारा और वह जीते। उसके बाद दो बार सांसद चुने गए। 2010 में बसपा ने उन्हें राज्यसभा में भेजा साथ ही राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी भी दी। 2014 में फिरोजाबाद लोकसभा से सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव के पुत्र अक्षय यादव के सामने चुनाव लड़े। हालांकि वह यह चुनाव हार गए। इसके बाद उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ली। भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा पिछड़ा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बना गए। बिहार में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के स्टार प्रचार के रूप में भूमिका निभाई। वे राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के निकट माने जाते हैं।
पत्नी की प्रार्थना लाई रंग-
मोदी सरकार के विस्तार की खबर के साथ एसपी सिंह के परिवार और उनके समर्थकों को यह एहसास होने लगा था कि इस बार उनका मंत्री बनना तय है। परिवार के सदस्य भी भगवान से प्रार्थना कर रहे थे। एसपी सिंह बघेल की पत्नी मधु बघेल पिछले तीन-चार दिन से मंदिरों में माथा टेक रही थीं। दो दिन पहले ही उन्होंने कैलाश महादेव मंदिर में अभिषेक किया था। एसपी सिंह बघेल मंगलवार को ही दिल्ली चले गए थे। बुधवार को जब मंत्री मंडल विस्तार के सरगरमी शुरू हुई तभी से मधु बघेल के पूजा अर्चना पर बैठ गई। जब दोपहर में उन्हें एसपी सिंह के मंत्री के बनने का समाचार सुनाया गया तो उनकी खुशी की ठिकाना नहीं रहा।