Agra. फतेहपुर सीकरी से भारतीय जनता पार्टी के सांसद और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर के बेटों की शादी के उपलक्ष्य में दी गयी दावत चर्चाओं का विषय बनी हुई है। इस दावत में शहर के गणमान्य लोग शामिल हुए तो वहीं राजकुमार चाहर के संसदीय क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीण भी इस दावत में शामिल हुए। अनुमान लगाया जा रहा है कि करीब दो लाख लोगों ने मालपुआ की दावत का आनंद लिया। सुबह 10 बजे से रात्रि तक लोग आते रहे, दावत खाते रहे और बधाई देते रहे।
दिया चूल का न्यौता
जानकारी के मुताबिक सांसद राजकुमार चाहर ने फेसबुक के माध्यम से राम-राम सा कहते हुए आगरा के सभी गांव, बस्ती, कस्बा, शहर वालों को चूल का न्योता दिया था। लाउडस्पीकर लगी एक गाड़ी ने भी पूरे संसदीय क्षेत्र में घूम घूम कर ग्रामीणों को इस दावत के लिए आमंत्रित किया गया। इसलिए कोई नहीं कह सकता कि उसे आमंत्रण नहीं मिला। कागारौल की ओर जाने वाली सड़कों पर भारी यातायात रहा। कार्यक्रम स्थल की ओर खेतों में होकर भी लोग और वाहन जा रहे थे, जिस कारण दूर से ही धूल उड़ती दिख रही थी। राजकुमार चाहर भी खुद दावत स्थल पर सुबह से ही टिके रहे और जो भी लोग आ रहे थे उनका स्वागत करने के साथ-साथ उनका अभिवादन भी स्वीकार कर रहे थे। वहीं ग्रामीणों ने राम-राम सा कहते हुए दोनों बेटे की शादी के लिए मुबारकबाद दी।
दो पुत्रों की लगन सगाई का कार्यक्रम
सांसद राजकुमार चाहर के दो पुत्रों करमवीर सिंह और शूरवीर सिंह के विवाह से पूर्व सगाई समारोह आगरा में हुआ। रफी अहमद किदवई इंटर कॉलेज, कागारौल के विशाल मैदान में भव्य समारोह हुआ। आमंत्रित अतिथियों की संख्या को देखते हुए वार्ड बनाए गए। खीर, मालपुआ, पूड़ी, सब्जी, रायता, लड्डू आदि का भरपूर इंतजाम किया गया। एक साथ हजारों लोगों को भोजन कराने की इंतजाम था। कहीं कोई अव्यवस्था नहीं। ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से दावत का संचालन किया गया। चूंकि कार्यक्रम 10 बजे शुरू हो गया था और रात्रि तक चला, इसलिए सैकड़ों लोगों ने दो बार दावत का आनंद लिया।

होर्डिंग से सज गया संसदीय क्षेत्र
जानकारी के मुताबिक राजकुमार चाहर के संसदीय क्षेत्र में जगह-जगह बेटे की शादी आमंत्रण हेतु होर्डिंग भी लगाए गए थे। कागारौल की ओर प्रवेश करने पर भी होर्डिंग लगे थे ताकि सबको पता चल सके कि कार्यक्रम कहां हो रहा है। प्रमुख लोग मंच पर पहुंचकर बधाई दे रहे थे। उनके लिए मंच पर सोफा की व्यवस्था भी की गई थी। शाम को सगाई समारोह हुआ। मंच पर इतने लोग पहुंच गए कि कुछ भी देख पाना संभव नहीं हो पा रहा था।
कार्यक्रम में प्रदेश की कई हस्तियों ने भाग लिया। आगरा शहर की सभी प्रमुख राजनीतिक और गैर राजनीतिक हस्तियां पहुंचीं। सांसद राजकुमार चाहर के साथ फोटो खिंचवाने और सेल्फी लेने की होड़ मची रही। लोग चर्चा कर रहे थे कि यह 2024 को लोकसभा चुनाव की तैयारी चल रही है। सांसद ने अपने एक पुत्र की शादी दिल्ली में की थी। इसमें चुनिंदा लोग बुलाए गए थे। इसकी भी फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में चर्चा हुई थी। आज की दावत ने इस चर्चा पर विराम लगा दिया है।