आगरा (21 May 2022 Agra News) । आगरा की सड़कों पर ई बाइक का जलवा। कई ब्रांडों में एक महीने की वेटिंग।
शहर की सड़कों पर दिनों दिन ई बाइक का जलवा दिख रहा है। लोगों का रूझान बढ़ा तो मार्च के बाद से तो शोरूमों पर वेटिंग है। सुलतानगंज स्थित ई फ्लाइट शोरूम संचालक दीपक अग्रवाल ने बताया कि उनके यहां मांग लगातार बढ़ रही है। जब से अपने देश में ही ई बाइक के पार्ट बनने का नंबर लगा है। सर्विस बेहतर हुई है। लोगों का रूझान बढ़ा है। उनका कहना है कि वे अपने यहां से खरीदी गई ई फ्लाइट की किसी भी दिक्कत पर दस किलोमीटर के दायरे में ऑन साइट सर्विस देते हैं। इसका जबरदस्त प्रभाव पड़ा है।
ऐसे चलती है इलेक्ट्रिक गाड़ी
इसके मुख्य पार्ट है बैटरी, कंट्रोलर और मोटर (एसी या डीसी)। बैटरी से निकली हुई पावर कंट्रोल के माध्यम से मोटर को रोटेट करती है। और व्हीकल चलने लगता है। हैवी व्हीकल्स में एसी मोटर ही प्रयोग करनी होगी। इसके लिए कंट्रोलर के साथ इंवर्टर भी लगाया जाता है। जो कि डीसी पावर को एसी पावर बदल देता है। इससे मोटर को ज्यादा टोर्क मिलता है। और यह अधिक लोड लेने में सक्षम हो जाती है। टू व्हीलर इंडस्ट्री डीसी मोटर का ही प्रयोग करती है। इसे बीएलडीसी मोटर कहते हैं।
इनका सबसे बड़ा फायदा पर्यावरण के लिए है। इसमें शून्य प्रदूषण होता है, जबकि पेट्रोल बाइक्स कार्बन मोनोक्साइड, बिना जले हुए हाइड्रो कार्बन्स एवं ऑक्साइड ऑफ नाइट्रोजन से वातावरण को दूषित करते हैं।
उमेश शर्मा, इंजीनियर
हमारे यहां लगातार मांग बढ़ रही है। लोग चाहते हैं कि उनको ऐसा मॉडल मिले जिसमें कम समय चार्जिंग का हो और वाहन अधिक से अधिक माइलेज दे। कंपनियों के अब नए मॉडल में ऐसे फीचर आ रहे हैं।
दीपक अग्रवाल, विक्रेता