आगरा। सोमवार देर रात थाना एत्माद्दौला पुलिस की एक बदमाश से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से तमंचा और बाइक पुलिस ने बरामद की है। पुलिस की गिरफ्त में आया बदमाश हाल ही में एत्माद्दौला क्षेत्र में हुए एक हत्याकांड में मुख्य आरोपी था। पकड़े गए शातिर पर गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
गौरतलब है कि 2 दिन पूर्व एत्माद्दौला क्षेत्र के राकेश नगर में धर्मवीर (32) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के भाई भूपेंद्र ने मुकदमा दर्ज कराया। इसमें खचेरा उर्फ देवीचरण, उसका भांजा रंजीत और महेंद्र को नामजद किया गया। आरोप लगाया कि आरोपियों से पूर्व में धर्मवीर का विवाद हुआ था। तभी से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि बदमाश क्षेत्र में ही कहीं मौजूद है। जानकारी मिलते ही पुलिस ने धर पकड़ के लिए टीमें लगा दी।
पुलिस ने जैसे ही खचेरा को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में शातिर बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसके पास से तमंचा, कारतूस और बाइक भी पुलिस ने बरामद की है। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाश पर आधा दर्जन से अधिक संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।