आगरा। दो महिलाएं टप्पेबाजों की शिकार हो गई। टप्पेबाज करने वाले दो युवकों ने लालच देकर महिला के कान से सोने के कुंडल उतरवा लिए। उसके बदले में महिलाओं को नकली नोट की गड्डी थमाकर मौके से फरार हो गए। अपने साथ धोखाधड़ी होने के बाद महिला वहीँ जोर-जोर से रोने लगी। पीड़ित महिलाओं ने थाने में शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार सोना देवी पत्नी रामविलास एवं रश्मि पत्नी सुनील निवासी गांव बरैण्डा थाना मंसुखपुरा सोमवार को कस्बा पिनाहट में बाजार करने आई थी। तभी सरकारी रोडवेज बस स्टैंड पर महिलाओं को दो अज्ञात युवक मिले जो एक दूसरे से रुपए को लेकर झगड़ रहे थे। महिलाओं के मुताबिक एक युवक ने रुपए को लेकर अपने साथ मारपीट करने की बात कही।
युवक ने महिला से कहा कि इस व्यक्ति के उधार के रुपए हैं, वह चेक नहीं ले रहा है। आप अपने सोने के कुंडल उतार कर विश्वास के लिए दे दो। मैं आपको स्टेट बैंक से रुपए निकाल कर तत्काल देता हूं। जिस पर दोनों महिलाएं युवक पर विश्वास करते हुए मदद के लिए तैयार हो गई। वही दोनों महिलाएं युवकों के साथ अरनोटा मार्ग स्थित स्टेट बैंक पहुंची, जहां एक अज्ञात टप्पेबाज युवक ने महिलाओं को धोखाधड़ी का शिकार बनाते हुए उन्हें नकली रुपए की गड्डी दे दी और कहा कि अभी मैं आपके सोने के कुंडल वापस लेकर आता हूं। उसके बाद काफी देर तक दोनों अज्ञात युवक लौटकर नहीं आए।
काफी देर बाद युवकों के न लौटने पर महिलाओं ने चारों तरफ देखा मगर दोनों युवकों का कोई अता पता नहीं चल सका। धोखाधड़ी का शिकार हुई महिलाओं ने अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी। जिस पर परिजन बाजार पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी पर पुलिस ने मौके पर पहुंची, जहां पुलिस ने महिलाओं की शिकायत पर दोनों अज्ञात युवकों का पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है। वही धोखाधड़ी का शिकार हुई महिलाएं रो-रोकर विलाप करती हुई नजर आई।