Agra. बीती रात थाना शाहगंज के दौरेठा में पड़ोसी से बेटे के हुए झगड़े में बीच बचाव करने आईं 60 वर्षीय वृद्धा शिमला देवी की मौत हो गयी। बताया जाता है कि बीच बचाव कराने में वृद्धा को धक्का लगा और वह नीचे गिर पड़ी। नीचे ज़ोर से गिरने पर उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गयी और कानूनी कार्यवाही कर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
गाली गलौज पर शुरू हुआ विवाद
बताया जाता है कि दौरेठा निवासी मनोज और पेप्सी मोहल्ले में बैठे हुए थे। तभी किसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और विवाद बढ़ता चला गया। गाली-गलौज के साथ उनके बीच हाथापाई और धक्कामुक्की शुरू हो गई। यह देखकर दोनों के परिजन घर से बाहर निकल आए।
बीच-बचाव कराने में गई मां की जान
बताया जाता है कि बढ़ते विवाद को देखते हुए मनोज की मां शिमला देवी ने बीचबचाव कराने का प्रयास किया। इस दौरान उन्हें धक्का लग गया। इससे वह गिर पड़ी। इसके बाद उठ नहीं सकी। यह देखकर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना से दोनों परिवारों में तनाव हो गया। इसकी जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तहरीर नहीं दी गई
थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। महिला के शरीर पर किसी तरह का चोट का निशान नजर नहीं आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार किया जा रहा है।