Agra. सीडीएस बिपिन सिंह रावत और आगरा के पृथ्वी सिंह की हेलीकॉप्टर क्रैश में शहादत हो गई। भाजपा के बड़े और छोटे नेताओं ने अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के भी आगरा में कई कार्यक्रम लगे थे। वह आगरा तो आए लेकिन उन्होंने अपने सभी कार्यक्रम निरस्त करते हुए शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं दूसरी ओर भाजपा के ही दूसरे नेता चुनावी गतिविधियों में जुटे हुए थे और ढोल नगाड़ों व शोर के साथ रैली निकाल रहे थे। यह रैली पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह के नेतृत्व में निकाली गयी। ऐसे में भाजपा नेता का ये दोहरा चेहरा लोगों को रास नहीं आ रहा है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा नेता की ओर से यह रैली निकाली जाने से विपक्षियों ने भी जमकर हमला बोलना शुरू कर दिया है। विपक्षी दलों के नेताओं का कहना है कि यह भाजपा का दोहरा चेहरा है। एक तरफ तो उनके मुखिया शहीद के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं तो उन्हीं के नेता चुनाव जीतने के लिए चुनावी बाइक रैली निकाल रहे हैं। शहीद के प्रति यह कैसी संवेदनाएं हैं।
इसे लेकर सपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन शर्मा ने कहा कि ‘एक तरफ़ भाजपा अपने आप को राष्ट्रवादी पार्टी कहती है। वहीं उसके नेता और मंत्री, विधायक राष्ट्र के इतने बड़े सेनानी की मौत हो जाने के बाद भी अपने कार्यक्रम स्थगित नहीं करते हैं। आज हम लोग पूरा देश ऐसे ही लोगों की वजह से सुरक्षित महसूस करते हैं जो दिन रात अपना घर परिवार छोड़ के देश की सीमा पर रक्षा में लगे हैं। भाजपा के मंत्री फ़र्ज़ी राष्ट्रवाद का ढोंग बंद करें, जनता इनका नाटक समझ चुकी है। आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी।’
बताते चलें कि पिछले दिनों राजा अरिदमन सिंह और ब्लॉक प्रमुख सुग्रीव सिंह चौहान के समर्थक आपस में भिड़ गए थे। जिसके चलते क्षेत्र में तनाव का माहौल है। इसलिए आज रैली निकाली जाने को लेकर पुलिस बल भी काफी संख्या में तैनात किया गया था। पुलिस भी इस रैली की सुरक्षा में तत्पर नजर आई।