आगरा। ब्लॉक पिनाहट क्षेत्र के अंतर्गत गांव दलई पुरा में एक महिला अपने घर के छत पर गोबर के उपले उठाने गई थी। तभी एक जहरीले सर्प ने महिला को हाथ में काट लिया। सर्प के काटने के बाद महिला का बायगीरों द्वारा इलाज किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सीमा पत्नी राम अवतार उम्र करीब 28 वर्ष निवासी दलईपुरा थाना पिढौरा पिनाहट मंगलवार को दोपहर अपने घर की छत पर लगे गोबर के उपले के बिटोरे में उपले लेने गई थी। विटोरे से उपले निकालते समय उसमें बैठे जहरीले सर्प ने महिला के हाथ में काट लिया। सर्प के काटने के बाद छत से उतर कर महिला नीचे आई और परिजनों को मामले से अवगत कराया। जिस पर परिजनों में हड़कंप मच गया। तत्काल बायगीरों को बुलाकर बेहोशी की हालत में महिला का उपचार जारी किया गया।
बायगीरों द्वारा महिला का तंत्र मंत्र के साथ ढोलक थाल बजाकर इलाज किया जा रहा है। शाम तक बायगीरों द्वारा महिला का इलाज जारी बताया गया है।
रिपोर्ट – नीरज परिहार, आगरा देहात