Agra. यूपी में विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गयी हैं। वोटरों को लुभाने के लिए सभी दलों ने कवायदें शुरू कर दी हैं तो वहीं समाजवादी पार्टी ने पार्टी संस्थापक सदस्य स्व. जनेश्वर मिश्र की जयंती के अवसर पर साइकिल यात्रा की शुरुआत की है। आगरा जिले में भी जिला अध्यक्ष रामगोपाल बघेल और शहर अध्यक्ष वाजिद निसार के नेतृत्व में साईकल यात्रा निकाली गई। साइकिल पर सवार होकर और पार्टी का झंडा उठाएं पार्टी का कार्यकर्ता गली-गली घूमते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
इस साइकिल यात्रा के दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लोगों से मुलाकात करते हुए भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से सभी को रूबरू कराया। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार के मुद्दे इस यात्रा में गूँजते रहे और पार्टी के कार्यकर्ता इन मुद्दों पर प्रदेश सरकार को घेरते रहे। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों से रूबरू कराते हुए पार्टी के लिए समर्थन भी जुटाया। कार्यकर्त्ताओं ने शहरवासियों को बताया कि अखिलेश सरकार ने कैसे अपने कार्यकाल में उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाया था। उन्होंने कहा कि जब अखिलेश सीएम थे तब यूपी में स्वास्थ्य और शिक्षा का विकास हुआ और जनता के हित में काम किया था।

सपा शहर अध्यक्ष वाजिद निसार का कहना था कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से 5 अगस्त को पार्टी संस्थापक जनेश्वर मिश्र की जयंती पर साइकिल रैली निकालने के निर्देश मिले थे। आज सपा के कार्यकर्ता साइकिल पर सवार होकर हाथों में पार्टी का झंडा लेकर शहर भर के हर गली मोहल्ले से निकले हैं। घर-घर जाकर अखिलेश सरकार की उपलब्धि बताई है तो लोगों को यह भी बताया कि योगी सरकार कैसे हर मोर्चे में फेल रही है। कोविड के समय कैसे ऑक्सीजन के लिए संकट था और अस्पताल में लोगों के लिए बेड नहीं था। सरकार कहती है कि ऑक्सीजन से किसी की मौत नहीं हुई है। ये सब बात जनता को बताएंगे। महंगाई चरम पर है, पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं जिससे खाद्य वस्तुएं भी महंगी हो रही हैं। अपराध भी चरम पर जा पहुंचा है, आधी आबादी घर से निकलने से डरती है तो व्यापारी भी सुरक्षित नहीं है। ऐसी सरकार कैसे जनता का हित कर सकती है।
जिला अध्यक्ष रामगोपाल बघेल का कहना था कि आज जिले की हर विधानसभा में कार्यकर्ताओं ने साइकिल यात्रा निकाली है। पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में साइकिल से लोगों के घरों तक पहुंचे हैं और उन्हें पार्टी की नीतियों और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से रूबरू कराया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आम जनता से आव्हान किया है कि वह बीजेपी की धर्म और जातिवाद की राजनीति को समझें। इस राजनीति से वह हम लोगों को लड़ना नहीं है बल्कि इनके झांसे में ना आकर इसको इग्नोर करना है। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए लोगों से समर्थन भी जुटाया और अपील भी की कि इस बार प्रदेश के विकास के लिए समाजवादी पार्टी को अपना आशीर्वाद प्रदान करें।