Mathura. थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित गोकुल बैराज पर यमुना स्नान के दौरान डूबे तीन किशोरों के शव शनिवार सुबह बरामद कर लिए गए। दो किशोर रेहान और कौशल का शव गोकुल बैराज के गेट संख्या 16 के समीप मिले जबकि शोफिया का शव खरैरा घाट और घढ़ाया गांव के मध्य यमुना में तैरता हुआ मिला। पुलिस ने तीनों के शवों को गोताखोरों की मदद से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम भेजने के साथ मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया। 15 घंटे बाद किशोरों के शव मिलने की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
घटना शुक्रवार शाम की है। थाना सदर क्षेत्र में रहने वाले किशोर अनिल, रेहान, कौशल, एवं शोफिया चारों दोस्त थे जो शुक्रवार को घर से यमुना में स्नान करने के लिए निकले थे। बताया जाता है कि बैराज के गेट संख्या एक के समीप चारों किशोरों ने एक साथ यमुना में छलांग लगा दी। नदी में तेज बहाव होने के कारण चारों किशोर डूबने लगे। यमुना किनारे गोताखोरों की नजर डूबते हुए किशोरों पर पड़ी तो गोताखोरों में नदी में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद एक किशोर को बाहर निकाल पाए लेकिन अन्य तीनों पानी के तेज बहाव में बह गए।
घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी हरकत में आई और गोताखोरों की मदद से किशोरों की तलाश में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद शुक्रवार देर रात तक तीनों किशोरों का पता नहीं लग सका। शनिवार सुबह पुलिस ने अपना तलाशी अभियान जारी रखा और तीनों किशोर के शव मिल गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को भी सूचित कर दिया इस घटना के बाद तीनों किशोरों के घर में कोहराम मचा हुआ है।
इस मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मथुरा ने बताया कि शुक्रवार को यमुना में नहाते वक्त चार किशोर डूब गए थे। उनमें से एक किशोर को तो गोताखोरों ने बचा लिया था लेकिन तीन किशोर बह गए थे। आज तीनों किशोरों के शव बरामद कर लिए गए हैं कानूनी कार्रवाई कर सभी का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।