Agra. हरीपर्वत थाना क्षेत्र के फ्रीगंज इलाके में स्थित रामादेवी अपार्टमेंट में बुजुर्ग की हत्या से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना लोगों ने तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने जांच पड़ताल की और कानूनी कार्यवाही कर शव को पोस्टमार्टम ग्रह भेज दिया। मृतक भाजपा महिला नेता के भाई है।
घटना थाना हरी पर्वत क्षेत्र के विजय नगर चौकी फ्रीगंज स्थित रामादेवी अपार्टमेंट की है। इस अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर रहने वाले 67 वर्षीय किशन अग्रवाल की सोमवार रात को घर में ही हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह 10:00 बजे अपार्टमेंट में रहने वाले अन्य लोगों ने किशन अग्रवाल का फ्लैट खुला हुआ देखा। इस पर अंदर गए तो वह बेड पर पड़े हुए मिले। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते पुलिस के आला अधिकारी पहुंच गए।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि रात तकरीबन 11:00 बजे महिला सहित चार लोग कार से आए थे। रात दो बजे किशन अग्रवाल के फ्लैट से निकलकर गए हैं। इसके बाद क्या हुआ, किसी को कुछ नहीं मालूम। अपार्टमेंट में 26 फ्लैट हैं। इसके बावजूद किसी को हत्या की जानकारी नहीं हो सकी। अपार्टमेंट के नीचे ही मार्केट भी बना हुआ है।
बताया जाता है कि किशन अग्रवाल की मुंह दबाकर हत्या की आशंका है। उनके घर में अलमारी और तिजोरी खुली पड़ी हुई हैं। इससे लूटपाट के बाद हत्या की आशंका है। पुलिस जांच में जुटी है। घटनास्थल पर पहुंचे भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रमोद गुप्ता ने बताया कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर घटना के खुलासे की मांग की।
किशन अग्रवाल की बहन अलका अग्रवाल भाजपा की कार्यकर्ता हैं। बताया जाता है कि मृतक के बेटे निखिल अग्रवाल और पत्नी मंजू की पूर्व में मौत हो चुकी है। वह अकेले ही फ्लैट में रहते थे और बेलनगंज में पाटिया का कार्य ( हाजिर सौदा) किया करते थे। बताया जाता है कि मृतक किशन अग्रवाल के घर की सारी अलमारियां खुली हुई थी। ऐसा लगता है कि लूटपाट के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया गया हो या फिर किशन अग्रवाल की हत्या के बाद से लूटपाट का रूप दिया जा रहा हो। फिलहाल इस पूरे मामले की पुलिस छानबीन करने में जुटी हुई है।