आगरा। लॉकडाउन के कारण आगरा में फंसे फ्रांस और नार्वे के पर्यटकों का आगरा पुलिस पूरा ख्याल रखे हुए है। उन्हें रहने के साथ साथ खानपान व सहूलियत की हर चीज उपलब्ध कराई जा रही है। लॉकडाउन में पुलिस द्वारा उनकी मदद किये जाने पर विदेशी पर्यटक काफी उत्साहित है और पुलिस की सराहना कर रहे हैं।
कोरोना संक्रमण को लेकर देश में हुए लॉकडाउन के कारण शहर में फंसे विदेशी पर्यटक लॉकडाउन से पहले मोहब्बत की निशानी ताजमहल का दीदार करने के लिए 24 मार्च को आगरा आये थे जो थाना ताजगंज के बसई चौकी क्षेत्र के होटल वीरेन्द्र रेजीडेंसी में रुके हुए थे। उसी समय तक लॉकडाउन शुरू होने से यह लोग यही फंस गए। विदेशी पर्यटकों के फंसे होने की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मनोज भाटी और इंस्पेक्टर ताजगंज अनुज कुमार को होटल पहुँच गए थे और पर्यटकों का हालचाल जानने के साथ उनके रुकने और खानपान की व्यवस्था की।
उसी दिन से लेकर आज तक ताजगंज पुलिस इन पर्यटकों का का ख्याल रख रही है। फ्रांस के रहने वाले एलेक्स और एमाली और नार्वे की रहने वाली मियां अब अपने वतन वापस लौटना चाहती हैं। उन्होंने बताया इटली और फ्रांस में महामारी का असर अधिक होने से वह लोग खुद ही यहां रुके हुए हैं। उन्होंने भारत सरकार और और अपने देश में बात कर ली है। मामला ठीक होने पर वो जल्द ही अपने वतन वापस लौटेंगे।
इस दौरान तीनों पर्यटकों ने लॉकडाउन के दौरान फंसे रहने पर होटल स्टाफ और पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि आगरा पुलिस ने इस दौरान भरपूर सहयोग दिया है। रहने से लेकर खाने तक का ख्याल रखने के साथ मेडिसन भी उपलब्ध कराई। पर्यटकों ने कहा कि वतन वापसी के बाद आगरा पुलिस की इस मदद के बारे में अपने वतन के लोगों को बताएंगे।