फतेहाबाद। पुलिस द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निबोहरा के ग्राम भगतु के जय मां जगदंबा स्कूल में बुधवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर उपनिरीक्षक धर्मेंद्र यादव ने कहा कि पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई हेल्प लाइनचलाई जा रही हैं। इनके बारे में महिलाओं को जागरुक करने की जरूरत है। यह हेल्पलाइन महिला सशक्तिकरण का एक हिस्सा है।
जय मां जगदंबा इंटर कॉलेज फतेहाबाद में आयोजित कार्यक्रम में उप निरीक्षक धर्मेंद्र यादव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090, 100 टोल फ्री नंबर दिए गए हैं। 100 नंबर पर तो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा है। अगर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ होती है तो उन्हें तत्काल इन नंबरों पर फोन करना चाहिए। आज का युग सशक्तिकरण का है। महिलाओं को संबल प्रदान करने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं लेकिन अभी भी समाज के अंदर जागरूकता कम है। इसलिए पुलिस ने यह बीड़ा उठाया है कि पुलिसकर्मी स्कूल एवं कॉलेजों में जाकर छात्राओं को हेल्प लाइन संबंधी योजनाओं के संबंध में जानकारी देंगे।
उन्होंने कहा कि अगर किसी छात्रा के साथ कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार की हूटिंग या अन्य किसी भी तरह की बात करता है तो तुरंत पुलिस को फोन कर सूचना दे। मात्र 10 मिनट के अंदर पुलिस वहां पहुंच जायेगी। उन्होंने प्रधानाचार्यो से अपील की कि वे अपने अपने विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रही छात्राओं को हेल्पलाइनो के विषय अवश्य जानकारी दे।
इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाध्यापक एवं अध्यापक सहित सुशील यादव, विनय यादव, प्रियंका आदि मौजूद रहे।