आगरा। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक महिला जमकर एक युवक की चप्पलों से पिटाई कर रही है। महिला ने इस युवक को चप्पलों से पीटा तो आसपास मौजूद लोगों ने भी इस युवक पर अपने हाथ सेक लिए। लोगों ने लात घूसों से युवक को अधमरा कर दिया। इस पूरी घटना की जानकारी होते ही क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुँच गयी। पुलिस ने आक्रोशित लोगों से इस युवक को बचाया और गिरफ्तार कर थाने ले गयी।
यह पूरी घटना पिनाहट कस्बे के नंदगवा तिराहे स्थित केनरा बैंक के बाहर की है। लोगों ने बताया कि बैंक में गांव की एक महिला अपने परिवार की अन्य महिलाओं के साथ बैंक से पैसे निकालने आई थी। पैसा निकालने के बाद जैसे ही वो बाहर निकली तो बैंक के बाहर पहले से खड़े इस युवक ने फब्तियां कसने के साथ छेड़खानी करना शुरु कर दिया। महिला इसे अनदेखा करती रही लेकिन युवक की हिम्मत बढ़ गयी और युवक ने उसका रास्ता रोक लिया।
युवक की हरकत को देख कर महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। घटना की जानकारी साथ आई अन्य महिलाओं को हुई तो सभी महिलाओं ने युवक को घेर लिया और उस पर चप्पल बरसाना शुरू कर दिया। लात घूसों से उसकी जमकर पिटाई की गई। इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।